NPS में पेंशन के साथ मिलेगी हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा भी! PFRDA जल्द लॉन्च कर सकती है स्कीम
x

NPS में पेंशन के साथ मिलेगी हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा भी! PFRDA जल्द लॉन्च कर सकती है स्कीम

PFRDA ने बताया कि तीन पेंशन फंड मैनेजर्स इंश्योरेंस और मेडिक्लेम पॉलिसी देने वाली कंपनियों से बात कर रही हैं जिसमें पेंशन प्रोडक्ट्स के हेल्थ कवर को जोड़ा जा सके.


Click the Play button to hear this message in audio format

नेशनल पेंशन सिस्टम में रिटायरमेंट बेनेफिट के लिए निवेश करने वाले निवेशकों को जल्द खुशखबरी मिल सकती है. जल्द ही एनपीएस के निवेशकों को ऐसा विकल्प मिलने वाला है जिसमें पेंशन के लिए बचत करने के साथ हेल्थकेयर प्रोटेक्शन का भी लाभ मिलेगा. पेंशन फंड मैनेजर्स ऐसे प्लान पर काम कर रहे हैं जिसमें पेंशन प्लान को हेल्थ इंश्योरेंस कवर के साथ जोड़ा जा सके. ये फंड मैनेजर्स इसके लिए इंश्योरेंस कंपनियों के साथ ही हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स के साथ बात कर रही हैं.

पेंशन फंड की रेगुलेटरी अथॉरिटी PFRDA ने बताया कि तीन पेंशन फंड मैनेजर्स इंश्योरेंस और मेडिक्लेम पॉलिसी देने वाली कंपनियों से बात कर रही हैं जिसमें पेंशन प्रोडक्ट्स के हेल्थ कवर को जोड़ा जा सके. ये योजना PFRDA के “स्वास्थ्य” पहल का हिस्सा है, जिसे इस साल की शुरुआत में शुरू किया गया था. इसका मकसद निवेशकों को रिटायरमेंट बचत का एक हिस्सा खास तौर पर मेडिकल खर्चों के लिए अलग रखने के लिए प्रोत्साहित करना है. इस मॉडल के तहत पेंशन बचत का 30% तक हिस्सा हेल्थ-केयर जरूरतों के लिए अलग रखा जा सकता है, जिससे एक समर्पित “मेडिकल पेंशन” पूल तैयार होगा. इसका मकसद है कि बढ़ती उम्र में इलाज खर्च में तेज उछाल के जोखिम के लिए पहले से आर्थिक तैयारी की जा सके.

NPS में बड़ी संख्या में निवेशक शामिल होते हैं, इसलिए पेंशन फंड,बेहतर कीमतों पर हेल्थ इंश्योरेंस टॉप-अप और मेडिकल सेवाओं के लिए बातचीत कर रहे हैं. इससे सस्ता बीमा ऐड-ऑन, अस्पतालों में तेज क्लेम सेटलमेंट और संभावित रूप से कम इलाज खर्च जैसे फायदे मिल सकते हैं. फिलहाल ICICI, Axis और Tata समूह समर्थित पेंशन फंड ऐसे उत्पादों पर प्रयोग कर रहे हैं, और इस स्कीम के जल्द लॉन्च की संभावना जताई जा रही है.

PFRDA के चेयरमैन S Ramann ने कहा कि उद्देश्य लोगों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे मेडिकल जरूरतों के लिए समर्पित पेंशन बचत करें. उन्होंने बताया कि जनवरी में शुरू किए गए “स्वास्थ्य” प्लेटफॉर्म के तहत निवेशक की राशि का 30% तक हिस्सा इलाज खर्चों के लिए अलग रखा जा सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि NPS की सबसे बड़ी ताकत निवेशकों का बड़ा आधार है, जिससे पेंशन फंड बेहतर सौदे कर सकते हैं जैसे सस्ते हेल्थ इंश्योरेंस टॉप-अप और अस्पतालों से रियायती इलाज शामिल है. साथ ही अस्पतालों को भुगतान जल्दी मिल सकेगा, जबकि कई सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं में भुगतान में कई महीने लग जाते हैं.

रामन के अनुसार, ICICI समूह का पेंशन फंड जल्द ही ग्राहकों के लिए इस प्रोडक्ट को लॉन्च कर सकते है. इसके अलावा, लंबे समय तक डबल-डिजिट रिटर्न बनाए रखने की संभावनाओं पर भी अध्ययन हो रहा है. प्रोजेक्ट फाइनेंस, रियल एस्टेट और वैकल्पिक निवेश फंड (AIF) जैसे एसेट क्लास में निवेश की तैयारी है. मार्च के अंत से पहले किसी वैकल्पिक निवेश फंड में पहली पेंशन फंड निवेश की उम्मीद है. गोल्ड-सिल्वर के एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड (ETF) में निवेश भी इसी रणनीति का हिस्सा होगा, हालांकि यह 1% से अधिक नहीं होगा.

पेंशन और हेल्थ सिक्योरिटी की ये पहल रिटायरमेंट प्लानिंग को अधिक व्यावहारिक और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.

Read More
Next Story