EMI पर राहत बरकरार, MPC में नहीं बदली ब्याज दर
x

EMI पर राहत बरकरार, MPC में नहीं बदली ब्याज दर

RBI ने रेपो रेट 5.25% पर स्थिर रखा। MPC ने न्यूट्रल रुख बरकरार रखते हुए EMI में राहत जारी रखी और FY27 के लिए 6.9% GDP ग्रोथ का अनुमान दिया।


भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) बैठक के नतीजे सामने आ गए हैं। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बैठक में लिए गए अहम फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार भी रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसे 5.25% पर यथावत रखा गया है, ठीक वैसे ही जैसे फरवरी की बैठक में किया गया था।

रेपो रेट स्थिर रहने का सीधा असर आम लोगों पर भी पड़ेगा। इसका मतलब है कि होम लोन या कार लोन लेने वालों की ईएमआई में कोई बदलाव नहीं होगा—न तो किस्तें बढ़ेंगी और न ही घटेंगी।


गवर्नर संजय मल्होत्रा ने आगे बताया कि MPC ने इस बार भी अपना रुख “न्यूट्रल” बनाए रखा है। रेपो रेट के साथ-साथ अन्य प्रमुख दरों में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। स्टैंडिंग डिपॉजिट फैसिलिटी (SDF) 5% और मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी (MSF) 5.50% पर स्थिर रखी गई हैं। इसके अलावा, वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) के लिए रियल जीडीपी ग्रोथ का अनुमान 6.9% रखा गया है।

अगर पिछले साल पर नजर डालें, तो 2025 में RBI ने लगातार कई बार रेपो रेट में कटौती की थी। कुल मिलाकर 125 बेसिस पॉइंट की कटौती कर कर्ज लेने वालों को बड़ी राहत दी गई थी। हालांकि, इस साल फरवरी में हुई पहली MPC बैठक में इस कटौती के सिलसिले पर विराम लगा और अब ताजा बैठक में भी रेपो रेट को स्थिर रखा गया है।

गौरतलब है कि अधिकांश अर्थशास्त्रियों ने पहले ही अनुमान जता दिया था कि इस बार भी रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं होगा, और RBI ने उसी दिशा में फैसला लिया है।

Read More
Next Story