
मिडिल ईस्ट जंग का असर! 2300 अंक टूटा सेंसेक्स, बाजार में हड़कंप
मिडिल ईस्ट युद्ध के बीच वैश्विक बाजारों में गिरावट का असर भारत पर भी पड़ा। सेंसेक्स 2300 अंक और निफ्टी 700 अंक गिरकर खुले, एशियाई बाजारों में भी भारी बिकवाली दिखी।
Stock Market Crash News: जिस आशंका का अंदेशा था, वही हुआ और सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत हुई। बाजार खुलते ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स अपने पिछले बंद स्तर के मुकाबले करीब 2300 अंक से ज्यादा टूट गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स भी 700 अंक से अधिक की गिरावट के साथ खुला। इस बड़ी गिरावट के पीछे कई वैश्विक कारण बताए जा रहे हैं, जिनमें अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ता युद्ध प्रमुख माना जा रहा है।
शुक्रवार को भी दबाव में था बाजार
दरअसल, बीते सप्ताह भारतीय शेयर बाजार में भी जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला था। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को दोनों प्रमुख सूचकांक भारी दबाव में नजर आए थे। उस दिन बीएसई सेंसेक्स 1097 अंक गिरकर बंद हुआ था, जबकि एनएसई निफ्टी 315 अंक की गिरावट के साथ क्लोज हुआ था।
विदेशी बाजारों से मिले थे नकारात्मक संकेत
भारतीय बाजार के लिए पहले से ही विदेशी बाजारों से कमजोर संकेत मिल रहे थे। मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध तनाव के बीच एशियाई शेयर बाजारों में भी भारी गिरावट देखी गई। जापान का निक्केई इंडेक्स 4000 अंक से ज्यादा टूट गया, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 800 अंक से अधिक गिर गया। इसके अलावा दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी करीब 7 फीसदी से ज्यादा गिरकर कारोबार करता दिखा।
वहीं गिफ्ट निफ्टी भी सोमवार को खुलते ही दबाव में आ गया और 500 अंक से अधिक की गिरावट के साथ ट्रेड करता नजर आया, जिसने भारतीय बाजार में कमजोर शुरुआत के संकेत पहले ही दे दिए थे।
अमेरिकी शेयर बाजार में आई थी गिरावट
बीते सप्ताह अमेरिकी शेयर बाजारों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई थी। शुक्रवार को डाउ फ्यूचर्स 1120 अंक यानी 2.36 फीसदी टूटकर बंद हुआ। वहीं डाउ जोंस 453 अंक गिरकर 47,522 पर बंद हुआ। इसके अलावा एसएंडपी 500 में 157 अंक और नैस्डैक में 361 अंक की गिरावट दर्ज की गई। एशियाई बाजारों में हड़कंप ग्लोबल बाजारों में आई इस गिरावट का असर सोमवार को एशियाई बाजारों में भी दिखाई दिया। गिफ्ट निफ्टी करीब 575 अंक की गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा, जिससे भारतीय बाजार के लिए रेड सिग्नल मिल रहा था।जापान का निक्केई इंडेक्स करीब 4100 अंक यानी 7.40 फीसदी गिरकर लगभग 51,407 के स्तर पर ट्रेड करता नजर आया। वहीं हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 800 से ज्यादा अंक टूटकर 24,889 के आसपास पहुंच गया। इसके अलावा दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी करीब 440 अंक गिरकर 5,096 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।

