ईरान-इजरायल/यूएस जंग के बीच भारतीय शेयर बाज़ार ने लगाई 900 अंक की छलांग
x

ईरान-इजरायल/यूएस जंग के बीच भारतीय शेयर बाज़ार ने लगाई 900 अंक की छलांग

ईरान-इजरायल युद्ध के छठे दिन शेयर बाजार में जबरदस्त यू-टर्न। निफ्टी 24,700 के पार और सेंसेक्स 80,000 के ऊपर बंद। जानें बाजार में आई इस अचानक तेजी के 3 बड़े कारण।


Click the Play button to hear this message in audio format

Indian Stock Market : ईरान और इजरायल के बीच जारी भीषण सैन्य संघर्ष के बावजूद भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को सबको चौंका दिया। पिछले तीन दिनों से जारी गिरावट के सिलसिले को तोड़ते हुए बाजार ने आज जबरदस्त रिकवरी दिखाई है। निवेशकों के लिए राहत की बात यह रही कि सेंसेक्स और निफ्टी ने न केवल शानदार शुरुआत की, बल्कि दिन के अंत तक अपनी बढ़त को मजबूती से बरकरार रखा। सेंसेक्स आज 899.71 अंक यानी 1.14 प्रतिशत की भारी उछाल के साथ 80,015.90 के मनोवैज्ञानिक स्तर के ऊपर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी ने भी 285.40 अंक या 1.17 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की और 24,765.90 के स्तर पर पहुंच गया। यह तेजी ऐसे समय में आई है जब खाड़ी देशों में तनाव चरम पर है और अमेरिकी हमले में अयातुल्ला खामेनेई की मौत के बाद युद्ध के और भड़कने की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, वैश्विक संकेतों और घरेलू खरीदारी ने बाजार के सेंटिमेंट को बदलने में बड़ी भूमिका निभाई है।


बाजार में अचानक तेजी आने की 3 बड़ी वजह
विशेषज्ञों के अनुसार, आज की रिकवरी के पीछे तीन मुख्य कारण रहे हैं। पहला, अमेरिकी बाजारों में रातों-रात हुई रिकवरी ने भारतीय बाजार के लिए एक मजबूत सपोर्ट का काम किया। दूसरा, अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि ईरान ने अब बातचीत के कुछ संकेत दिए हैं। इससे वैश्विक स्तर पर सीधे युद्ध का डर थोड़ा कम हुआ है। तीसरा कारण कच्चे तेल की कीमतों का एक निश्चित दायरे में बने रहना है। मिडिल ईस्ट में भारी तनाव के बावजूद तेल की कीमतें बेकाबू नहीं हुई हैं, जिसे भारतीय बाजार ने सकारात्मक रूप से लिया है।

मेटल और इंफ्रास्ट्रक्चर शेयरों में आई रौनक
आज के कारोबार में सबसे अधिक चमक मेटल सेक्टर में देखी गई। निफ्टी मेटल इंडेक्स 2.3 प्रतिशत की बढ़त के साथ टॉप परफॉर्मर बनकर उभरा। इसके अलावा ऑयल एंड गैस, कंस्ट्रक्शन और मिडकैप शेयरों में भी निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। बाजार के डर को मापने वाला इंडेक्स 'इंडिया विक्स' आज 16 प्रतिशत तक लुढ़क कर 18 के नीचे आ गया। यह गिरावट दर्शाती है कि निवेशकों का भरोसा बाजार पर फिर से लौट रहा है।

अदाणी पोर्ट्स और हिंडाल्को बने टॉप गेनर्स
शेयर बाजार के आज के टॉप गेनर्स की सूची में अदाणी पोर्ट्स 3.82 प्रतिशत की तेजी के साथ सबसे ऊपर रहा। इसके बाद हिंडाल्को ने 3.79 प्रतिशत, एलएंडटी ने 3.72 प्रतिशत और कोल इंडिया ने 2.95 प्रतिशत की शानदार बढ़त हासिल की। विशेषज्ञों का मानना है कि निफ्टी ने 24,600 के महत्वपूर्ण सपोर्ट लेवल को बखूबी बचाया है। यदि निफ्टी 24,800 के ऊपर टिकने में सफल रहता है, तो जल्द ही 25,000 का स्तर दोबारा देखने को मिल सकता है।

कूटनीतिक हलचल और बाजार का भविष्य
युद्ध के मोर्चे पर भी भारत ने आज एक अहम कदम उठाया है। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने दिल्ली में ईरान दूतावास जाकर खामेनेई की मौत पर शोक जताया। भारत की यह संतुलित कूटनीति निवेशकों को आश्वस्त कर रही है कि क्षेत्र में स्थिरता के प्रयास जारी हैं। हालांकि, जानकारों ने अभी भी सतर्क रहने की सलाह दी है। उनका कहना है कि जियो-पॉलिटिकल हालात किसी भी समय बदल सकते हैं, जिसका असर सीधा बाजार पर पड़ेगा।


Read More
Next Story