
लाइफटाइम हाई के बाद चांदी में तेज गिरावट, निवेशक बेहाल
रिकॉर्ड तेजी के बाद चांदी की कीमतों में तेज गिरावट आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भाव 40% टूटे हैं और भारत में भी दाम लगातार फिसल रहे हैं।
Silver Price Latest News: बीते कुछ समय में रिकॉर्ड तेजी दिखाने के बाद अब सोना-चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट (Gold–Silver Price Crash) देखने को मिल रही है। सबसे ज्यादा दबाव चांदी पर है, जहां वैश्विक बाजार में भारी बिकवाली से दाम बुरी तरह टूट गए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सिल्वर प्राइस अपने उच्चतम स्तर से करीब 40 फीसदी नीचे आ चुका है और भारत में भी कीमतें लगातार फिसल रही हैं।
एक झटके में 20% टूटी सिल्वर
गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। कॉमेक्स पर सिल्वर प्राइस एक ही कारोबारी सत्र में करीब 20 फीसदी टूटकर 64 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। उल्लेखनीय है कि बीते महीने चांदी का भाव 120 डॉलर प्रति औंस के लाइफटाइम हाई तक पहुंच गया था।
ऊंचे दामों पर निवेश करने वाले बेहाल
तेज उछाल के दौरान चांदी खरीदने से चूक गए निवेशक जहां पहले अफसोस में थे, वहीं अब ऊंचे स्तर पर निवेश करने वाले निवेशक ज्यादा मुश्किल में दिख रहे हैं। रिकॉर्ड स्तर छूने के बाद से चांदी के दाम लगातार गिर रहे हैं और हर कारोबारी दिन नई गिरावट दर्ज की जा रही है।
भारत में और गिर सकते हैं दाम?
वैश्विक बाजार में मची इस उथल-पुथल का असर घरेलू बाजार में भी साफ नजर आ रहा है और आगे कीमतों में और कमजोरी की आशंका जताई जा रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 29 जनवरी को 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव 4,30,048 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था, जो अब तक करीब 1,76,233 रुपये प्रति किलो गिर चुका है।

