
शेयर बाजार में बड़ी गिरावट संभव, Gift Nifty से मिले संकेत, बुधवार को होली के रंग में पड़ेगा भंग
बाजार में बड़ी गिरावट के संकेत गिफ्ट निफ्टी से मिल रहा है जो कि करीब 650 अंकों या 2.6 फीसदी की गिरावट के साथ 24350 अंकों के करीब कारोबार कर रहा है.
बुधवार 4 मार्च 2026 को जब आप रंगो के त्योहार होली के जश्न में डूबे होंगे उस समय भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों की गाढ़ी कमाई पर सेंध लग रहा होगा. पश्चिम एशिया और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के चलते इस बात के पूरे आसार है कि भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत होगी. मंगलवार को भारतीय बाजार बंद थे लेकिन बुधवार को दुनियाभर के बाजारों में गिरावट का असर भारतीय बाजारों में देखने को मिलेगा.
गिफ्ट निफ्टी में गिरावट
बाजार में बड़ी गिरावट के संकेत गिफ्ट निफ्टी से मिल रहा है जो कि करीब 650 अंकों या 2.6 फीसदी की गिरावट के साथ 24350 अंकों के करीब कारोबार कर रहा है. यह संकेत देता है कि सेंसेक्स और निफ्टी की शुरुआत बड़ी गिरावट के साथ हो सकती है. ईरान में जारी युद्ध और भारत की एनर्जी सप्लाई पर संभावित असर को लेकर चिंता बढ़ी है. इससे महंगाई बढ़ने की आशंका भी गहरा गई है. कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है और ब्रेंट क्रूड 82 डॉलर प्रति बैरल के करीब कारोबार कर रहा है.
ईरान की जवाबी कार्रवाई
ईरान ने जवाबी कार्रवाई तेज करते हुए रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर हमला किया और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह बंद करने की धमकी दी है. यह मार्ग वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति के लिए बेहद अहम है.
एशियाई और यूरोपीय बाजारों में भारी गिरावट
मंगलवार 3 मार्च को एशिया शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट देखने को मिली. दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 7.2% टूट गया, जो अगस्त 2024 के बाद सबसे बड़ी गिरावट है. सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स और एसके हाइनिक्स के शेयर करीब 10% तक लुढ़क गए. जापान का निक्केई 225 तीन फीसदी से ज्यादा गिरा, हांगकांग का हैंगसेंग एक फीसदी से अधिक टूटा और शंघाई कंपोजिट भी एक फीसदी से ज्यादा नीचे जा फिसला. यूरोप में स्टॉक्स यूरोप 600 इंडेक्स 2.5% नीचे कारोबार कर रहा. वहीं, वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स में भी 2% तक की गिरावट देखी गई, जिससे अमेरिकी बाजारों की कमजोर शुरुआत के संकेत है.
इससे पहले सोमवार को भारतीय बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी. सेंसेक्स 1,048.34 अंक या 1.29% की गिरावट के साथ तो निफ्टी 312.95 अंक या 1.24% की गिरावट के साथ 24,865.70 पर बंद हुआ था.

