IT स्टॉक्स में खरीदारी की बदौलत शेयर बाजार में गिरावट के बाद आई शानदार रिकवरी, अगले 3 दिन छुट्टी
x

IT स्टॉक्स में खरीदारी की बदौलत शेयर बाजार में गिरावट के बाद आई शानदार रिकवरी, अगले 3 दिन छुट्टी

सेंसेक्स में दिन के निचले लेवल से करीब 2000 अंक और निफ्टी में 600 अंकों की रिकवरी देखने को मिली है.


Click the Play button to hear this message in audio format

भारतीय शेयर बाजार के लिए गुरूवार 2 अप्रैल 2026 का सत्र बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में एलान किया कि ईरान के खिलाफ युद्ध अगले 2-3 हफ्तों तक जारी रहेगा और अमेरिका ईरान के खिलाफ अपने सैन्य कार्रवाई को और तेज करेगा. ट्रंप के इस एलान के बाद ग्लोबल संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार तेज गिरावट के साथ खुले. बीएसई सेंसेक्स में करीब 1600 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में करीब 500 अँकों की गिरावट आ गई और ये 22,182 अंक पर जा फिसला.

बाजार में आई इस तेज गिरावट के चलते झटके में निवेशकों को 10 लाख करोड़ रुपये की चपत लग गई. बीएसई पर लिस्टेड स्टॉक्स का मार्केट कैप 412 लाख करोड़ रुपये पर आ गया जो कि पिछले सत्र में 422 लाख करोड़ रुपये पर क्लोज हुआ था. ट्रंप के एलान के बाजार तो टूटा ही कच्चे तेल के दाम फिर से 7.5 फीसदी के उछाल के साथ 108 डॉलर प्रति बैरल के करीब जा पहुंचा है. लेकिन आज के सत्र में भारतीय शेयर बाजार में गिरावट ज्यादा लंबे समय तक नहीं चली. निवेशकों की जोरदार खऱीदारी के चलते बाजार ने नीचे से रिकवर करना शुरू किया और बंद होने पर हरे निशान में क्लोज हुआ.

बीएसई सेंसेक्स 185 अंकों के उछाल के साथ 73319 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 34 अंकों के उछाल के साथ 22,713 अंकों पर बंद हुआ. सेंसेक्स में दिन के निचले लेवल से करीब 2000 अंक और निफ्टी में 600 अंकों की रिकवरी देखने को मिली है. बाजार में आई इस तेजी में आईटी शेयरों का बड़ा योगदान रहा है. निफ्टी का आईटी इंडेक्स 772 अंकों के उछाल के साथ 30,441 अंकों पर बंद हुआ है. बैंकिंग शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली है. इस तेजी में निवेशकों को सुबह हुए नुकसान की भरपाई हो गई और बीएसई का मार्केट कैप 422.37 लाख करोड़ रुपये पर फ्लैट बंद हुआ है.

पर बड़ा सवाल उठता है बाजार में अचानक ये तेजी कैसे लौटी जो लगातार निवेशकों को मायूस कर रहा था. दरअसल सेंसेक्स और निफ्टी अपने हाई से 15 फीसदी तक नीचे गिर चुका है तो कई स्टॉक्स में 50 फीसदी तक की गिरावट आ चुकी है. ऐसे में निचले लेवल पर निवेशकों द्वारा बाजार में खरीदारी देखी गई. दरअसल ये माना जा रहा कि अगर ईरान युद्ध थम गया तो बाजार में जोरदार तेजी आ सकती है. वहीं अगले तीन दिनों तक स्टॉक मार्केट लंबे वीकेंड हॉलिडे के चलते बंद है. तो डॉलर के मुकाबले रुपये में आई बड़ी मजबूती से भी बाजार को सहारा मिला है. पिछले सत्र में रुपया 95.21 पर क्लोज हुआ था जिसमें 2 फीसदी से ज्यादा की रिकवरी कर गया. अगले हफ्ते आरबीआई वित्त वर्ष 2026-27 का पहला मॉनिटरी पॉलिसी का एलान करेगा. 6 से 8 अप्रैल आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में मॉनिटरी पॉलिसी कमिटी की बैठक चलेगी. अगले हफ्ते बाजार की चाल आरबीआई के फैसलों के अलावा इस बात पर निर्भर करेगा कि ट्रंप कितनी जल्द ईरान के खिलाफ युद्ध से अपने कदम पीछे खींचते हैं.

Read More
Next Story