भारत को बड़ी राहत: ट्रंप ने टैरिफ 25% से घटाकर 18% किया, ट्रेड डील का ऐलान
x
ट्रंप ने भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील और टैरिफ में कटौती की घोषणा अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर एक बयान के जरिए की। (फाइल फोटो)

भारत को बड़ी राहत: ट्रंप ने टैरिफ 25% से घटाकर 18% किया, ट्रेड डील का ऐलान

यह घोषणा ऐसे समय में आई है, जब भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा था कि राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत की है।


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाए गए पारस्परिक (रेसिप्रोकल) टैरिफ को घटाकर 18% करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फोन पर बातचीत के बाद ट्रंप ने इसका एलान किया। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री मोदी के प्रति दोस्ती और सम्मान के भाव से, और उनके अनुरोध पर लिया गया है।

पिछले साल अमेरिका ने ‘लिबरेशन डे टैरिफ’ के तहत भारतीय वस्तुओं पर 25% आयात शुल्क लगाया था। इसके अलावा, रूस से तेल आयात करने के कारण भारत पर अतिरिक्त 25% टैरिफ भी लगाया गया था, जिससे भारत उन देशों में शामिल हो गया था जिन पर सबसे अधिक टैरिफ लगाया गया।

ट्रंप ने यह समझौता और टैरिफ में कटौती की घोषणा अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर एक बयान के जरिए की। उन्होंने लिखा, “आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वह मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली व सम्मानित नेता हैं। हमने व्यापार सहित कई मुद्दों पर चर्चा की, साथ ही रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को समाप्त करने पर भी बात की। उन्होंने रूसी तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका से, तथा संभवतः वेनेजुएला से, कहीं अधिक खरीदारी करने पर सहमति जताई। इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को खत्म करने में मदद मिलेगी, जिसमें हर हफ्ते हजारों लोग मारे जा रहे हैं।"

ट्रंप ने आगे लिखा, "प्रधानमंत्री मोदी के प्रति दोस्ती और सम्मान के भाव से, और उनके अनुरोध पर, तत्काल प्रभाव से अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बनी है। इसके तहत अमेरिका भारत पर लगाया गया पारस्परिक टैरिफ 25% से घटाकर 18% करेगा। इसी तरह भारत भी अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को घटाकर शून्य (ZERO) करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।"

ट्रंप ने इस पोस्ट में लिखा, "प्रधानमंत्री ने ‘BUY AMERICAN’ के तहत कहीं अधिक स्तर पर अमेरिकी उत्पाद खरीदने की भी प्रतिबद्धता जताई है, जिसमें 500 अरब डॉलर से अधिक की अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य कई उत्पाद शामिल हैं। आगे चलकर भारत के साथ हमारा अद्भुत संबंध और भी मजबूत होगा। प्रधानमंत्री मोदी और मैं ऐसे लोग हैं जो काम करके दिखाते हैं, जो बात ज्यादातर लोगों के बारे में नहीं कही जा सकती। इस विषय पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद!”




ट्रंप की इस घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में इस डील की जानकारी दी। मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- "आज मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बेहद खुशी हुई। यह जानकर प्रसन्नता है कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18% कर दिया गया है। इस शानदार घोषणा के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का हार्दिक धन्यवाद।

जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र साथ मिलकर काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को लाभ होता है और आपसी हित में सहयोग के अपार अवसर खुलते हैं।

वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व बेहद महत्वपूर्ण है। शांति के लिए उनके प्रयासों का भारत पूरी तरह समर्थन करता है।

मैं उनके साथ मिलकर अपनी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्सुक हूं।





Read More
Next Story