ट्रंप के टैरिफ एलान से शेयर बाजार में रिकॉर्ड तेजी, रुपया होगा मजबूत, विदेशी निवेशकों की होगी वापसी
x

ट्रंप के टैरिफ एलान से शेयर बाजार में रिकॉर्ड तेजी, रुपया होगा मजबूत, विदेशी निवेशकों की होगी वापसी

ट्रंप ने भारत पर लगने वाले रेसिप्रोकल टैरिफ को 18 फीसदी करना का फैसला किया जो कि पहले 50 फीसदी लगा करता था. ट्रंप के इस घोषणा के बाद भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी आई है.


Click the Play button to hear this message in audio format

मंगलवार का दिन भारतीय शेयर बाजार और उसके निवेशकों के लिए मंगल ही मंगल साबित हुआ है. भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड समझौता होने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एलान के चलते भारतीय स्टॉक मार्केट में तूफानी तेजी देखने को मिली है. बीएसई सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी जोरदार उछाल के साथ खुला है. सेंसेक्स 2300 अंकों के उछाल के साथ 83,967 अंकों पर खुला तो निफ्टी भी करीब 800 अंकों के उछाल के साथ 25,800 के लेवल पर खुला. बाजार में आज के ट्रेड में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जोरदार खरीदारी देखी गई. निफ्टी का मिडकैप और स्मॉलकैप भी 3 फीसदी के उछाल के साथ ट्रेड कर रहा है. बाजार में खरीदारी की बदौलत BSE पर लिस्टेड स्टॉक्स के मार्केट कैप में कुछ ही मिनटों में 13 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 468.2 लाख करोड़ रुपये जा पहुंचा.

ट्रंप ने टैरिफ एलान से शेयर बाजार में रौनक

सोमवार 2 फरवरी की रात राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड समझौता होने की जानकारी दी. उन्होंने कहा, भारत ने रूस से क्रूड ऑयल नहीं खरीदने का भरोसा दिया है और भारत अमेरिका से 500 बिलियन डॉलर का गुड्स भी खरीदेगा. ट्रंप ने कहा, उन्होंने भारत पर लगने वाले रेसिप्रोकल टैरिफ को 18 फीसदी करना का फैसला किया जो कि पहले 50 फीसदी लगा करता था. ट्रंप के इस घोषणा के बाद से ही SGX Nifty में भारी तेजी आ गई और इससे संकेत मिल गए कि भारतीय शेयर बाजार ट्रंप के इस एलान के बाद जोरदार तेजी के साथ खुलेगा और वही हुआ भी.

टैरिफ घटने से रुपया होगा मजबूत, ब्याज दरों में कमी संभव

शेयर बाजार में आई जबरदस्त तेजी पर पीएल कैपिटल के एडवाइजरी हेड विक्रम कसाट ने कहा, 18% टैरिफ के साथ भारत अब कई एशियाई देशों से बेहतर स्थिति में है. कई देशों पर 19–20% तक टैक्स है, जबकि भारत पर इससे कम है. उन्होंने कहा इस डील से रूस के तेल पर निर्भरता कम होगी. रुपया मजबूत रह सकता है और ब्याज दरों पर दबाव कम हो सकता है. विक्रम कसाट के मुताबिक, टेक्सटाइल, जेम्स एंड ज्वेलरी और इंजीनियरिंग जैसे सेक्टरों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा, क्योंकि ऊंचे टैक्स की वजह से ये सेक्टर दबाव में थे. उन्होंने कहा, भारत-अमेरिका डील के बाद अनिश्चितता खत्म होने से विदेशी निवेशक फिर से भारतीय बाजारों में पैसा लगा सकते हैं.

टेक्सटाइल्स और ज्वेलरी स्टॉक्स में तेजी

भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड समझौता के चलते बाजार में अदाणी समूह के शेयर्स 10 फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ ट्रेड कर रहे. बाजार में टेक्सटाइल्स और जेम्स एंड ज्वेलरी सेक्टर से जुड़े शेयरों में भी भारी तेजी देखने को मिली. ये माना जा रहा है कि ट्रेड समझौते के चलते इन सेक्टर्स को बड़ा फायदा हो सकता है. इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स और सोलर एनर्जी से जुड़ी कंपनियों के भी स्टॉक बंपर तेजी के साथ ट्रेड कर रहे हैं जिसमें Waaree Energies और Premier Energies के स्टॉक्स शामिल है.

ट्रेड डील के बाद विदेशी निवेशकों की होगी वापसी

इस ट्रेड डील का असर करेंसी मार्केट पर भी पड़ा है. डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत हुआ है. एक डॉलर के मुकाबले रुपया 130 बेसिस प्वाइंट मजबूत हुआ है और 91.52 के लेवल से मजबूत होकर 90.22 पर आ गया. OmniScience Capital के सीईओ और चीफ इंवेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट विकास गुप्ता ने भारत अमेरिका के बीच ट्रेड डील के चलते दोनों देशों के ट्रेड बढ़ेगा. इससे घरेलू निवेशकों और विदेशी निवेशकों दोनों ही के लिए सेंटीमेंट पॉजिटिव होगा. रुपये को भी डॉलर के मुकाबले 90 रुपये के नीचे लाने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा, बाजार को दिशा नहीं मिल पा रही थी लेकिन इस डील के साथ ही बाजार में गिरावट का दौर अब खत्म हो जाएगा.

नया हाई बनाएगा स्टॉक मार्केट

रविवार को बजट में फ्यूचर एंड ऑप्शंस पर वित्त मंत्र निर्मला सीतारमण ने STT बढ़ाने का फैसला लिया था तब बाजार में बड़ी गिरावट आ गई थी. लेकिन बीते दो दिनों में शेयर बाजार में शानदार रिकवरी लौटी है और ट्रेड डील से तो सेंटीमेंट और मजबूत हुआ है और जानकारों की मानें तो बाजार आने वाले दिनों में नया हाई बना सकता है.

Read More
Next Story