
भोपाल में सनसनीखेज वारदात, 10वीं के छात्र पर दो नाबालिगों ने 30 सेकंड में 27 बार चाकू से हमला किया
पीड़ित के अनुसार, कुछ दिन पहले एक कोचिंग संस्थान में मामूली बात को लेकर आरोपियों से उसका विवाद हुआ था, जिसके दौरान उसने उन्हें थप्पड़ मार दिया था।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ऐसी घटना सामने आई जिसमें बर्बरता की हदें पार हो गईं। दो नाबालिगों ने दसवीं क्लास के एक छात्र पर 27 बार चाकू घोंप दिया। यह वारदात तब हुई जब 10वीं कक्षा का छात्र क्लब में स्नूकर खेल रहा था। तभी दो नाबालिगों ने कथित तौर पर चाकू और कटार से उस पर हमला कर दिया।
यह घटना 15 फरवरी की रात की है, लेकिन सोमवार को तब उजागर हुई जब आरोपियों ने कथित तौर पर हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
पुलिस ने शुरुआत में पीड़ित की शिकायत के आधार पर स्वेच्छा से चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया था। हालांकि, जब आरोपियों द्वारा 30 सेकंड में 27 बार चाकू घोंपने और उसकी दो उंगलियां काट देने का वीडियो वायरल हुआ, तो अतिरिक्त धाराएं जोड़ने पर विचार किया जा रहा है। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स में टीला जमालपुर थाना के जांच अधिकारी एमएस भदौरिया के हवाले से दी गई है।
पीड़ित के अनुसार, कुछ दिन पहले एक कोचिंग संस्थान में मामूली बात को लेकर आरोपियों से उसका विवाद हुआ था, जिसके दौरान उसने उन्हें थप्पड़ मार दिया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीड़ित ने बताया, “उन्होंने मुझे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। बाद में वे स्नूकर क्लब आए और बिना किसी बातचीत के मुझ पर हमला कर फरार हो गए।”
घायल छात्र किसी तरह अस्पताल पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। जांच अधिकारी के मुताबिक, उसके एक हाथ की कलाई पर दस से अधिक गहरे घाव हैं, दूसरे हाथ की दो उंगलियां कट गईं और कंधे और पीठ पर भी गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। उसका कहना है कि आरोपियों को पहले पकड़ा गया था, लेकिन नोटिस देकर छोड़ दिया गया।
उसने आरोप लगाया, “आरोपियों ने खुद ही सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर डालकर दहशत फैलाने की कोशिश की।”

