पार्किंग विवाद में महिला की चाकू गोदकर हत्या, पति की हालत गंभीर
x

पार्किंग विवाद में महिला की चाकू गोदकर हत्या, पति की हालत गंभीर

दिल्ली के बिंदापुर में मोटरसाइकिल पार्किंग को लेकर हुए झगड़े में 32 साल की महिला की हत्या। पति सफदरजंग में भर्ती, आरोपी पप्पू हिरासत में।


Click the Play button to hear this message in audio format

Murder over Parking Dispute: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के बिंदापुर इलाके से रोड रेज और दिल्लीवालों के जानलेवा गुस्से की एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। महज मोटरसाइकिल पार्क करने जैसी मामूली बात पर हुए विवाद में एक 32 वर्षीय महिला की चाकू गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उसका पति इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक नाबालिग आरोपी की तलाश जारी है।


दोपहर में सरेआम पेट में घोंपा चाकू
पुलिस के मुताबिक, यह खूनी वारदात शनिवार दोपहर करीब 2:50 बजे की है। बिंदापुर थाने को एक शख्स ने फोन कर बेहद डरावनी सूचना दी। कॉलर ने पुलिस को बताया कि दो-तीन लड़कों ने उसकी बेटी और दामाद के पेट में सरेआम चाकू घोंप दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक खून से लथपथ घायल दंपती को स्थानीय लोग और परिजन दीन दयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल ले जा चुके थे।

अस्पताल में पत्नी को घोषित किया मृत, पति सफदरजंग रेफर
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने 32 वर्षीय आरती को 'ब्रॉट डेड' (अस्पताल लाने से पहले ही मृत) घोषित कर दिया। वहीं, आरती के पति विक्की के पेट में भी चाकू के गहरे जख्म थे। डॉक्टरों ने विक्की की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर और एडवांस इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पड़ोसियों से हुआ था बाइक पार्किंग को लेकर विवाद
बिंदापुर थाना पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि यह पूरा विवाद घर के बाहर सड़क पर मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ था।

कहासुनी से मर्डर तक का सफर: आरती और विक्की का अपनी ही गली में रहने वाले पड़ोसियों से बाइक खड़ी करने पर झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने आव देखा न ताव, सीधे चाकू निकालकर दंपती पर हमला कर दिया।

हमलावरों की पहचान: पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावरों की पहचान कर ली है। मुख्य हमलावर की पहचान 40 वर्षीय पप्पू के रूप में हुई है, जो उसी इलाके का रहने वाला है। वारदात में पप्पू के साथ एक नाबालिग भी शामिल था।

मुख्य आरोपी पप्पू हिरासत में, नाबालिग की तलाश जारी
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी पप्पू को पुलिस ने घेराबंदी करके हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं, वारदात के बाद से फरार चल रहे नाबालिग आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर हत्या और जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।


Read More
Next Story