
दिल्ली में होली पर हत्या के मामले में आरोपी के घर बुलडोजर एक्शन, अब तक 8 आरोपी पकड़े गए
अधिकारियों के अनुसार बुलडोजर से केवल मकान के अतिक्रमण वाले हिस्से को हटाया गया है, पूरे घर को नहीं गिराया गया।
दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में नगर निगम प्रशासन ने रविवार को हत्या के आरोपी के घर के अवैध हिस्से पर बुलडोजर कार्रवाई की। यह कार्रवाई जेजे कॉलोनी में रहने वाले आरोपी निजामुद्दीन के मकान पर की गई। कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा के मद्देनज़र ड्रोन से भी निगरानी की गई।
अधिकारियों के अनुसार बुलडोजर से केवल मकान के अतिक्रमण वाले हिस्से को हटाया गया है, पूरे घर को नहीं गिराया गया।
होली पर गुब्बारा फेंकने से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, 4 मार्च को होली के दिन उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में 26 वर्षीय तरुण सिंह की हत्या कर दी गई थी। बताया जाता है कि तरुण के घर की 11 साल की बच्ची छत से रंग भरे गुब्बारे फेंक रही थी। इसी दौरान एक गुब्बारा फूटने से पानी के छींटे रास्ते से गुजर रही एक मुस्लिम महिला पर पड़ गए।
परिवार के अनुसार इस बात को लेकर महिला नाराज हो गई और उसका तरुण के परिवार से विवाद हो गया। परिवार का कहना है कि उन्होंने महिला से माफी भी मांगी, लेकिन वह नाराज होकर वहां से चली गई।
कुछ समय बाद महिला के परिवार के 20–25 लोग क्रिकेट बैट, डंडे और लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंचे और हमला कर दिया।
तरुण को पीट-पीटकर मार डाला
उस समय तरुण अपने दोस्तों के साथ होली खेलने गया हुआ था, लेकिन घटना की जानकारी मिलने पर वह वापस लौट आया। आरोप है कि भीड़ ने तरुण पर लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
हमले के दौरान आरोपियों ने तरुण को बेरहमी से पीटा और बाद में उसकी छाती पर बड़ा पत्थर भी मार दिया। इस हमले में तरुण के पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई।
गंभीर रूप से घायल तरुण को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या का वीडियो भी आया सामने
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गली में मौजूद कई लोग तरुण पर डंडों और लोहे की रॉड से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में परिवार के लोग उसे बचाने की कोशिश करते भी नजर आ रहे हैं।
7 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में इमरान उर्फ बंटी (38), उमरदीन (49), जुम्मादीन (36), कमरुद्दीन (36), मुस्ताक (46), मुज्जफर (25) और ताहिर (18) शामिल हैं। इसके अलावा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विरोध प्रदर्शन और आगजनी
घटना के बाद 6 मार्च को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन के पास विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। पुलिस ने बाद में भीड़ को हटाकर यातायात बहाल कराया।
गुस्साई भीड़ ने आरोपी निजामुद्दीन के घर के बाहर खड़ी बाइक और कार में आग लगा दी और घर के बाहर रखा सामान भी जला दिया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
परिवार की मांग: आरोपियों को फांसी दी जाए
मृतक तरुण सिंह के पिता ने आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है। उनका कहना है कि उनके बेटे को न्याय मिलना चाहिए।
वहीं दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की भी बात कही गई है।

