
हिमानी नरवाल की हत्या कांड : मां ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर जताया शक
हिमानी की माँ सविता ने आरोप लगाया कि जिस तरह से हिमानी ने कम उम्र में ही पार्टी के अन्दर एक पहचान बना ली थी, उससे कई लोग इर्ष्या करते थे. ऐसा भी हो सकता है कि इसी वजह से उसकी हत्या की गयी हो.
Himani Narwal Murder Case: हरियाणा के रोहतक में हुई कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या के मामले में पुलिस को फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। वहीँ अब इस मामले में हिमानी की मां सविता नरवाल ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। सविता का कहना है कि कि उनकी बेटी कांग्रेस पार्टी में तेजी से आगे बढ़ रही थी, जिससे कई लोगों को इर्ष्या हो रही थी। इतना ही नहीं उन्होंने यहाँ तक आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या में कांग्रेस के ही किसी नेता का हाथ भी हो सकता है। उनके इस आरोप ने हरियाणा की राजनीती में और भी ज्यादा हलचल पैदा कर दी है।
पार्टी में कई दुश्मन थे, उन्हें बेटी की तरक्की से दिक्कत थी
हिमानी की मां सविता नरवाल ने आरोप लगाते हुए कहा, "हिमानी बीते 10 सालों से कांग्रेस के लिए काम कर रही थी। कम उम्र में ही उसने पार्टी में एक खास मुकाम हासिल कर लिया था, जिससे कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को उससे रंजिश हो गई थी। मेरी बेटी कांग्रेस की वरिष्ठ नेता आशा हुड्डा (भूपिंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी) के बेहद करीब थी। उसकी हत्या के पीछे कांग्रेस पार्टी के लोग भी हो सकते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "हम तो उसकी शादी की तैयारी कर रहे थे। हम लड़का देख रहे थे और इस साल उसकी शादी करने वाले थे। लेकिन इससे पहले ही ये सब हो गया।"
हत्या के पीछे साजिश की आशंका, पार्टी छोड़ने का बनाया था मन
सविता नरवाल ने ये भी दावा किया कि उनकी बेटी ने कुछ समय पहले ही पार्टी छोड़ने और नौकरी करने का फैसला कर लिया था। उन्होंने कहा, "हिमानी ने बताया था कि पार्टी में कई लोग उसे आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते थे। कई बार उसे परेशान किया गया और उसे पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर करने की कोशिश की गई। लेकिन वह मजबूत इरादों वाली लड़की थी और डटी रही।"
उन्होंने आगे कहा, "अब जब वह राजनीति छोड़ने और अपनी शादी करने की सोच रही थी, तभी यह घटना हो गई।"
#WATCH | Body of a woman Congress worker found in a suitcase | Rohtak, Haryana: Savita, mother of deceased Himani Narwal says, "...Election and party claimed my daughter's life. She made some enemies due to that. These (perpetrators) could be even from the party, they could be… pic.twitter.com/cozG3xD4gB
— ANI (@ANI) March 2, 2025
पहले पति, फिर बेटा और अब बेटी... आखिर कब मिलेगा न्याय?
हिमानी की माँ सविता ने कहा कि परिवार पर पहले भी कई दुखों का पहाड़ टूट चुका है। सविता ने बताया कि करीब 8 साल पहले उनके पति शेर सिंह ने आत्महत्या कर ली थी, जबकि उनके बेटे की भी हत्या कर दी गई थी। अब बेटी की भी हत्या हो गई, जिससे वह पूरी तरह से टूट चुकी हैं।
सविता ने भावुक होते हुए कहा कि, "क्या मेरी किस्मत में यही लिखा था? पहले पति, फिर बेटा और अब मेरी बेटी... मेरे परिवार को खत्म कर दिया गया। मेरी बेटी ने अपनी पढ़ाई और करियर में बहुत मेहनत की थी, लेकिन किसी ने उसे जीने नहीं दिया। जब तक हमें न्याय नहीं मिलेगा, हम चैन से नहीं बैठेंगे।"
हत्या के बाद कांग्रेस नेताओं की चुप्पी पर सवाल
हिमानी नरवाल की हत्या के बाद कांग्रेस पार्टी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी के किसी भी नेता ने अब तक उनसे संपर्क नहीं किया।
उन्होंने कहा, "मेरी बेटी पार्टी के लिए दिन-रात मेहनत करती थी, लेकिन उसकी मौत के बाद न कोई नेता आया, न किसी ने फोन किया। मैंने खुद कांग्रेस नेताओं को फोन किया, लेकिन किसी ने फोन तक नहीं उठाया।"
पुलिस कर रही जांच, क्या मिलेगा न्याय?
पुलिस ने इस हत्याकांड की जांच शुरू कर दी है और कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस की टीम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हिमानी के मोबाइल फ़ोन की सीडीआर की डिटेल के साथ साथ लोकेशन की डिटेल्स भी खंगाली जा रही है। हिमानी की हत्या गला घोंट कर की गयी। हिमानी के शव पर गले में चुन्नी बंधी मिली थी। एफएसएल टीम ने ये भी पाया कि हिमानी की नाक से खून भी बहा था। सूटकेस में कुछ कपड़े भी थे। हिमानी के हाथों में मेहँदी लगी थी। हिमानी लॉ की पढ़ाई कर रही थी।