
दिल्ली के शख्स ने महाकुम्भ में ले जाकर की पत्नी की हत्या
त्रिलोकपुरी का रहने वाला दंपत्ति प्रयागराज गया था। 18 फरवरी की रात को पति ने पत्नी की हत्या कर दी और फरार हो गया। पति का किसी और महिला के साथ सम्बन्ध बन गया था, इसलिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
Murder In Mahakumbh : क्या कोई सोच सकता है कि जहाँ करोड़ो लोग अपने पाप धोने और पुन्य कमाने के लिए महाकुम्भ जा रहे हैं, वहीँ कोई ऐसा भी हो सकता है, जो पाप करने के लिए महाकुम्भ जाए। जी, हाँ आपने सही सुना है। दिल्ली के त्रिलोकपुरी में रहने वाला अशोक कुमार पाप करने के इरादे से ही महाकुभ पहुंचा। अशोक कुमार ने साजिश के तहत अपनी पत्नी मीनाक्षी को महाकुम्भ में स्नान करवाया और फिर होटल के कमरे में उसकी हत्या कर दी। किसी को शक न हो, इसके लिए उसने मीनाक्षी के कुम्भ के मेले में खो जाने की बात कही लेकिन प्रयागराज पुलिस की जाँच, सीसीटीवी कैमरों की फूटेज और मीनाक्षी के बेटों व भाई के शक ने अशोक कुमार को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। अशोक सफाई कर्मचारी है।
क्या है घटना
प्रयागराज के झूंसी इलाके में स्थित एक होमस्टे गेस्टहाउस से पुलिस को सूचना मिली कि एक कमरे के बाथरूम में एक महिला का शव पड़ा हुआ है, जिसकी हत्या की गयी है। महिला की हत्या चाकू से वार की गयी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो ये जानकर हैरान हो गयी कि होटल कर्मियों ने बगैर पहचान पत्र की जांच किये ही कमरा दिया था. गेस्टहाउस के स्टाफ ने पुलिस को बताया कि महिला के साथ एक पुरुष भी इस कमरे में रुका था, दोनों ने खुद को पति पत्नी बताया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. महिला के शव की पहचान के लिए उसकी फोटो स्थानीय अख़बारों में प्रकाशित करवाई गयी।
सीसीटीवी से मिली मदद
पुलिस को सीसीटीवी कैमरों की मदद से उस आदमी का चेहरा भी मिल गया, जो महिला के साथ आया था और उस गेस्ट हाउस में आ कर रुका था। इसके अलावा पुलिस ने कुम्भ मेले के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किये।
परिजन पहुंचे प्रयागराज
अभी पुलिस सुराग तलाश ही रही थी कि मीनाक्षी के परिजन उसे खोजते हुए प्रयागराज पहुँच गए। उन्होंने जब अखबार में अज्ञात शव का इश्तेहार देखा तो फिर पुलिस से संपर्क किया। शव की पहचान मीनाक्षी के तौर पर की गयी। पहचान करने वालों में मीनाक्षी के बेटे और भाई थे।
पति को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने तुरंत ही मीनाक्षी के पति अशोक की तलाश शुरू की और फिर उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया।
बेटे ने ही जताया था शक
पुलिस के अनुसार मीनाक्षी और अशोक के बेटे ने ही अपने पिता पर शक जताया और ये भी बताया कि माता पिता के बीच झगड़ा होता था।
अवैध सम्बन्ध के चलते की हत्या
पुलिस ने अशोक को गिरफ्तार कर लिया। उसने खुलासा किया कि उसका किसी और महिला के साथ अवैध सम्बन्ध है। वो मीनाक्षी से अलग होना चाहता था लेकिन ऐसा हो नहीं पा रहा था। इसलिए उसने कुम्भ में आकर ये अपराध करने की साजिश रची।
तीन महीने से रच रहा था साजिश
पुलिस का दावा है कि अशोक पिछले तीन महीने से मीनाक्षी की हत्या करने की साजिश रच रहा था। वो साजिश के तहत ही मीनाक्षी को कुम्भ लेकर गया। गेस्ट हाउस में ठहरा। 18 फरवरी की रात को मीनाक्षी जब बाथरूम गयी तो पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। अशोक भी पीछे से बाथरूम में घुसा और मीनाक्षी की चाकू से गला रेत कर उसकी हत्या कर दी। फिर खून से सने अपने कपड़े और चाकू को किसी चीज में छुपा कर रखा और होटल से बाहर निकलते हुए वो कपडे और चाकू अपने साथ ले गया और छुपा दिए।
बेटे को फोन कर कही थी मीनाक्षी के खोने की बात
दरअसल अशोक ने इस हत्या को अंजाम देने के बाद अपने बेटे को फोन कर मीनाक्षी के कुम्भ के मेले में खो जाने की बात कही थी। इससे पहले उसने अपनी और मीनाक्षी की कुम्भ में स्नान करते हुए की फोटो भी सोशल मीडिया पर साझा की थी।