पिता को मारने के लिए चाकू-आरी ऑनलाइन मंगवाई, मर्डर के बाद बेटा अब बोला-सॉरी गलती हो गई
x
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद अक्षत ने अपने पिता के शव को बाथरूम में घसीटा और आरी और चाकू से हाथ-पैर काट दिए।

पिता को मारने के लिए चाकू-आरी ऑनलाइन मंगवाई, मर्डर के बाद बेटा अब बोला-'सॉरी गलती हो गई'

लखनऊ के दिल दहला देने वाले हत्याकांड के आरोपी अक्षत को जब कोर्ट में पेश किया गया तो उसने अब अपने किए पर पछतावा जताया। अक्षत ने कहा- ‘सॉरी...गलती से हो गया।’


उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पैथोलॉजी और शराब की दुकानें चलाने वाले कारोबारी मानवेंद्र सिंह की हत्या के मामले में गिरफ्तार उनके इकलौते बेटे अक्षत को बुधवार को जेल भेजा गया। कोर्ट में पेशी के लिए ले जाते समय मीडिया से बातचीत में अक्षत ने कहा, “सॉरी… गलती हो गई।” उसके इस बयान से लगा कि उसे अपने किए पर पछतावा हो रहा है।

इस बीच मानवेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार उनके बेटे की बजाय भतीजे ने किया। पारिवारिक परंपरा के अनुसार उनके पिता भी अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुए।

सोते समय मारी गोली

पुलिस के मुताबिक, 19 फरवरी की देर रात अक्षत का अपने पिता से नीट की पढ़ाई को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद मानवेंद्र सिंह सोने चले गए। 20 फरवरी की सुबह करीब 4:30 बजे अक्षत ने राइफल से उनके सिर पर सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर मौत हो गई।

गोली की आवाज सुनकर बहन कृति जाग गई, लेकिन आरोपी ने उसे धमकाकर चुप करा दिया।

शव के किए टुकड़े, नहर किनारे छिपाया

पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के बाद अक्षत ने शव को बाथरूम में घसीटा और आरी व चाकू से हाथ-पैर काट दिए। कटे हुए अंगों को बोरी में भरकर कार से सदरौना इलाके की नहर किनारे झाड़ियों में छिपा दिया।

मंगलवार को पुलिस टीम आरोपी को घटनास्थल और फिर सदरौना ले गई, जहां उसकी निशानदेही पर बोरी बरामद हुई। उसमें मानवेंद्र के कटे हाथ-पैर मिले, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सबूत मिटाने की कोशिश

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि खून से सना तकिया, चादर और कंबल भी बोरी में भरकर नहर किनारे ले जाकर जला दिए थे। पुलिस ने अधजले कपड़े और राख बरामद कर ली है।

एसीपी कैंट अभय प्रताप मल्ल के अनुसार, आरोपी ने हत्या से एक दिन पहले ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से दो चाकू मंगाए थे, जबकि आरी और ड्रम बाजार से खरीदे थे। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Read More
Next Story