Noida Couple Dead Bodies In Car : नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में वेलेंटाइन डे के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक खड़ी कार के अंदर युवक और युवती के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस की शुरुआती जांच इसे हत्या के बाद आत्महत्या (मर्डर-सुसाइड) का मामला मान रही है। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल और कुछ कारतूस भी बरामद किए हैं। मृतकों की पहचान दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी सुमित और नोएडा की रेखा के रूप में हुई है। स्थानीय निवासियों द्वारा गोली चलने की आवाज सुनने के बाद पुलिस को सूचना दी गई थी। जब पुलिस मौके पर पहुँची, तो गाड़ी अंदर से लॉक थी और दोनों बेसुध पड़े थे। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हर संभावित पहलू से इस मामले की तफ्तीश कर रही है। हालांकि, युवक के परिजनों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या करार दिया है।
व्हाट्सएप मैसेज में धोखे और बेवफाई का जिक्र
जांच के दौरान सुमित के मोबाइल से एक व्हाट्सएप मैसेज मिला है। इस मैसेज में सुमित ने रेखा के साथ अपने 15 साल पुराने संबंधों का जिक्र किया है। मैसेज के अनुसार, रेखा ने सुमित से शादी का वादा किया था, लेकिन वह किसी और से शादी करने जा रही थी। सुमित ने इस मैसेज में रेखा पर बेवफाई का आरोप लगाया और अपनी मौत के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया।
पुलिस ने बताया कि कार के अंदर सुमित के हाथ में पिस्टल मिली थी। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि उसने पहले रेखा को गोली मारी और फिर खुद को खत्म कर लिया। दोनों पिछले एक दिन से अपने घर से लापता थे और गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज थी।
परिजनों का गंभीर आरोप: 'जातिवाद की भेंट चढ़ा रिश्ता'
दूसरी तरफ, सुमित के परिवार ने पुलिस की थ्योरी को पूरी तरह खारिज कर दिया है। सुमित के चचेरे भाई ने आरोप लगाया कि यह मर्डर-सुसाइड नहीं बल्कि 'हॉरर किलिंग' का मामला है। परिजनों का कहना है कि रेखा का परिवार जातिगत भेदभाव के चलते इस रिश्ते के खिलाफ था।
सुमित के भाई के अनुसार, उन्हें अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकी भरे कॉल भी मिल रहे थे। उन्होंने दावा किया कि दोनों के रिश्ते की जानकारी दोनों परिवारों को लंबे समय से थी। सुमित के परिवार ने आरोप लगाया है कि दोनों जातिवाद का शिकार हुए हैं और उनकी हत्या की गई है।
रेखा के पिता का बयान और सीसीटीवी की तलाश
रेखा के पिता ने बताया कि करीब एक साल पहले सुमित शादी का प्रस्ताव लेकर आया था। उस समय परिवार ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। उनका दावा है कि इसके बाद दोनों के बीच कोई संपर्क नहीं था। घटना वाले दिन रेखा ने अपनी मां को फोन कर घर लौटने की बात कही थी।
पुलिस घटनास्थल के आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि सटीक समय का पता चल सके। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। नोएडा पुलिस का कहना है कि वे सभी कोणों से मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
(सुसाइड को रोका जा सकता है। मदद के लिए कृपया सुसाइड प्रिवेंशन हेल्पलाइन पर कॉल करें: नेहा सुसाइड प्रिवेंशन सेंटर – 044-24640050; सुसाइड प्रिवेंशन, इमोशनल सपोर्ट और ट्रॉमा हेल्प के लिए आसरा हेल्पलाइन – +91-9820466726; किरण, मेंटल हेल्थ रिहैबिलिटेशन – 1800-599-0019, दिशा 0471- 2552056, मैत्री 0484 2540530, और स्नेहा की सुसाइड प्रिवेंशन हेल्पलाइन 044-24640050।)