पंजाब के लॉ कॉलेज में क्लास के अंदर गोलीबारी, छात्रा की गोली मारकर हत्या, छात्र की खुदकुशी की कोशिश
x
तरन तारन के लॉ कॉलेज के भीतर गोलीबारी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई

पंजाब के लॉ कॉलेज में क्लास के अंदर गोलीबारी, छात्रा की गोली मारकर हत्या, छात्र की खुदकुशी की कोशिश

इस वारदात की सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि आरोपी छात्र कक्षा शुरू होने से पहले क्लास में पहुंचा और पिस्तौल से संदीप कौर नाम की छात्रा के सिर में गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद पर भी गोली चला ली।


सोमवार सुबह पंजाब के तरनतारन ज़िले के एक निजी कॉलेज में प्रथम वर्ष के एक लॉ छात्र ने कथित तौर पर अपनी महिला सहपाठी की कक्षा के भीतर गोली मारकर हत्या कर दी, इसके बाद उसने खुद पर भी गोली चला ली। सुबह-सुबह हुई इस वारदात से तरनतारन दहल गया। ये वारदात उस्मा गांव स्थित लॉ कॉलेज की कक्षा में हुई। इस गोलीबारी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

यह घटना ज़िले के उस्मा गांव में स्थित माई भागो लॉ कॉलेज में हुई। यह दर्दनाक वारदात उस समय हुई जब दिन की कक्षाएं शुरू होने ही वाली थीं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 20 वर्षीय प्रिंस राज (निवासी: मल्लियां गांव) के रूप में हुई है। वह कक्षा में दाखिल हुआ और बातचीत के बाद संदीप कौर के सिर में सीधे गोली मार दी।

19 साल की छात्रा संदीप कौर नौशहरा पन्नुआं की रहने वाली थीं। गोली लगने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। छात्रा की हत्या के तुरंत बाद सीसीटीवी में प्रिंस राज खुद पर पिस्तौल तानकर गोली चलाते हुए दिखाई देता है। उसे गंभीर हालत में नज़दीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां वह डॉक्टरों निगरानी में है।

हालांकि अभी तक वारदात के पीछे की ठोस वजह सामने नहीं आई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में तरनतारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र लांबा के हवाले से बताया गया है कि शुरुआती जांच में दोस्ती का एंगल प्रमुख कड़ी के रूप में सामने आया है। उनके मुताबिक पुलिस ने दोनों छात्रों के मोबाइल फोन ज़ब्त कर उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि उनके रिश्ते की प्रकृति और गोलीबारी से पहले की घटनाओं को समझा जा सके।

मां ने कैंपस सुरक्षा पर सवाल उठाए

मारी गई छात्रा संदीप कौर एक संघर्षशील परिवार से थीं। उनकी मां हरजिंदर कौर, जो विधवा हैं और अपनी सात बेटियों की एकमात्र कमाने वाली सदस्य हैं, ने कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। मीडिया रिपोर्ट्स में मां के हवाले से बताया गया है कि, “मैं अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत करती हूं ताकि उनका भविष्य बन सके। मेरी बेटी आज सामान्य दिन की तरह कॉलेज गई थी।”

उन्होंने आगे कहा, “सवाल यह है कि एक छात्र पिस्तौल लेकर कक्षा तक कैसे पहुंच गया? क्या कॉलेज में कोई सुरक्षा व्यवस्था है ही नहीं?”

Read More
Next Story