
क्रिकेटर यश दयाल के खिलाफ केस दर्ज, FIR में बड़ा खुलासा
RCB के क्रिकेटर यश दयाल पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर पांच साल तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। इंदिरापुरम थाने में FIR दर्ज की गई है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के तेज़ गेंदबाज़ यश दयाल के खिलाफ एक महिला द्वारा यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद इंदिरापुरम थाने में FIR दर्ज की गई है। यह मामला अब पुलिस जांच के दायरे में है, और जल्द ही क्रिकेटर और शिकायतकर्ता महिला दोनों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक, यश दयाल (27) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह धारा झूठे वादे या धोखाधड़ी से शारीरिक संबंध बनाने से संबंधित है, जैसे शादी का झूठा वादा करना।शिकायत में दावा किया गया है कि पीड़ित महिला और यश दयाल पिछले पांच वर्षों से रिश्ते में थे और इस दौरान दयाल ने शादी का वादा कर उसका यौन शोषण किया।
IGRS पोर्टल से सीएम योगी तक पहुंची शिकायत
महिला ने यह शिकायत सबसे पहले 21 जून को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को IGRS (Integrated Grievance Redressal System) के माध्यम से भेजी थी। इसके बाद उसने 24 जून को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर इसे साझा किया, जो वायरल हो गया।महिला ने बाद में 27 जून को इंदिरापुरम थाने पहुंचकर हाथ से लिखित शिकायत भी दी, जिसमें उसने मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के आरोप लगाए।
सबूत भी पेश किए गए
पुलिस अधिकारी के अनुसार, महिला ने अपने दावे की पुष्टि के लिए मोबाइल कॉल रिकॉर्डिंग, चैट्स, स्क्रीनशॉट्स और वीडियो कॉल्स जैसे डिजिटल साक्ष्य भी प्रस्तुत किए। इन तथ्यों की समीक्षा के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की।डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस, ट्रांस हिंडन, निमिष पटेल ने बताया कि शिकायत, साक्ष्यों और तथ्यात्मक स्थिति की जांच के बाद FIR दर्ज की गई है। अब दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे और जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
दयाल से संपर्क नहीं हो सका
इस मामले में यश दयाल से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। जांच पूरी होने तक पुलिस ने किसी गिरफ्तारी या कार्रवाई की जानकारी नहीं दी है।
एजेंसी इनपुट के साथ