
सैफ के हमलावर के नाम पर सस्पेंस, विजय दास, आलियान या BJ?
सैफ अली खान के हमलावर को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम मोहम्मद आलियान है या विजय कुमार इसे लेकर सस्पेंस अभी भी बना हुआ है।
Saif Ali Khan Attacker News: सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने वाले शख्स को मुंबई पुलिस ने ठाणे से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शख्स का नाम मोहम्मद अलीयन है। हालांकि इसके विजय कुमार होने की भी कहानी सामने आई है। नाम को लेकर जो क्ंफ्यूजन हुआ है उसके बारे में भी मुंबई पुलिस ने जानकारी दी है। हालांकि अभी भी भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
हमलावर के नाम के बारे में मुंबई पुलिस ने कहा कि पहले उसने खुद को विजय कुमार दास बताया था, हालांकि कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने अपना असली नाम बताया। आरोपी को पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस ने कुल 30 टीमें बनाई थीं। पुलिस का कहना है कि आरोपी तो ठाणे के हीरानंदानी इलाके से गिरफ्तार किया गया है।
संदिग्ध मोहम्मद आलियान के बारे में पुलिस ने बताया है कि वो ठाणे के एक बार में हाउसकीपिंग स्टाफ था। वो सैफ अली खान के घर चोरी करने के मकसद से घुसा था और उस दौरान सैफ से उसका आमना सामना हुआ। मोहम्मद आलियान के बारे में कई तरह की जानकारी सामने आ रही है, मसलन पहले वो मुंबई के किसी पब में काम करता था उसके बाद वो ठाणे के बार में नौकरी करने लगा। पुख्ता जानकारी के बाद मुंबई पुलिस की एक टीम ठाणे पहुंची और लेबर कैंप से उसे गिरफ्तार किया।
इस मामले में जो एफआईआर दर्ज कराई गई थी उसके मुताबिक हमलावर पहले जेह यानी जहांगीर के कमरे में घुसा था। घर के स्टॉफ ने जब देखा तो शोर मचाया। सैफ अली खान और करीना कपूर जेह के कमरे में पहुंची जहां दोनों के बीच हाथापाई हुई। हाथापाई के दौरान ही हमलावर ने सैफ पर चाकू से हमला किया था। उसके बाद एक ऑटो रिक्शा वाले की मदद से सैफ को मुंबई के लीलावती अस्पताल ले जाया गया जहां इमरजेंसी में सर्जरी की गई थी।