
तुर्कमान गेट हिंसा: पुलिस पर पथराव के आरोप में 6 और पकडे गए, कुल 11 गिरफ्तार
मस्जिद के पास अवैध निर्माण गिराने के दौरान हुई झड़प में दिल्ली पुलिस का कड़ा एक्शन। CCTV फुटेज से हुई पहचान, कोर्ट के आदेश पर जारी है बुलडोजर वाली कार्रवाई।
Turkman Gate Violence : दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में अवैध निर्माण के खिलाफ चल रहे एमसीडी के एक्शन ने अब एक बड़ा कानूनी मोड़ ले लिया है। फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास हुई पत्थरबाजी और झड़प के मामले में दिल्ली पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए 6 और लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद कुल गिरफ्तारियों की संख्या 11 पहुंच गई है।
आधी रात का हंगामा और पुलिसिया कार्रवाई
यह पूरा विवाद मंगलवार/बुधवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे शुरू हुआ, जब हाईकोर्ट के आदेश पर एमसीडी की टीम भारी सुरक्षा के बीच बुलडोजर लेकर अवैध निर्माण गिराने पहुंची। पुलिस के मुताबिक, करीब 150 लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई, जिसमें से कुछ उपद्रवियों ने टीम पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल करना पड़ा। इस झड़प में 5 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
कैसे हुई पहचान?
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अफान, आदिल, शाहनवाज, हमजा, अतहर और उबेद के रूप में की गयी. आरोपियों को पकड़ने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज, बॉडीकैम और सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो खंगाले गए, जिसके बाद इनका सुराग तलाश किया गया और फिर इन्हें पकड़ा जा सका। इससे पहले बुधवार को भी 5 लोगों को दबोचा गया था। पुलिस का कहना है कि उपद्रवियों की पहचान अभी जारी है और गिरफ्तारियों का सिलसिला आगे भी बढ़ सकता है।
प्रशासन का पक्ष
'कानून अपना काम कर रहा है' एमसीडी के अधिकारियों ने साफ किया कि यह कार्रवाई किसी धार्मिक स्थल के खिलाफ नहीं, बल्कि उसके आसपास के लगभग 36,400 वर्ग फुट के अवैध निर्माण पर थी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मस्जिद की अपनी ज़मीन पूरी तरह सुरक्षित है। बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूरी कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश और कानून के दायरे में रहकर की गई है।
शुक्रवार को रहेगी ज्यादा सुरक्षा
तुर्कमान गेट में अभी भी भारी पुलिस बंदोबस्त है। दिल्ली पुलिस और आरएएफ के जवान बड़ी संख्या में तैनात है। शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा की जानी है। जुमे को अधिकतर ज्यादा से ज्यादा लोग नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद आते हैं। पुलिस का कहना है कि मस्जिद दरगाह फैज़ ए इलाही पर शुक्रवार को ज्यादा लोगों के आने की सम्भावना है। इस घटना के बाद अमन कमिटी आदि के साथ काफी गहन बैठक की गयी है। इलाके में धारा 144 भी लागू है।
फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अदालती आदेशों के पालन में किसी भी तरह की बाधा डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
Next Story

