
चलती कार से पीड़िता को फेंका बाहर, आए 12 टांके; फरीदाबाद दुष्कर्म केस में सनसनीखेज खुलासा
Faridabad rape case: पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रातभर महिला को कार में घुमाया और 90 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार में चल रही गाड़ी से उसे बाहर फेंक दिया।
Faridabad sexual assault: रात का सन्नाटा, भरोसे की एक सवारी और फिर इंसानियत को झकझोर देने वाली दरिंदगी। फरीदाबाद में एक युवती के साथ हुई यह वारदात न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि शहरों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता पैदा करती है। हरियाणा के फरीदाबाद में एक 25 वर्षीय विवाहित महिला के साथ चलती कार में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी उसे छोड़ने के बहाने कार में बैठाकर ले गए, लेकिन रास्ता बदलकर गुरुग्राम की ओर ले गए और कार में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद देर रात तेज रफ्तार में चल रही गाड़ी से उसे बाहर फेंक दिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार देर रात की है। आरोपियों ने रातभर महिला को कार में घुमाया और तड़के करीब 3 बजे राजा चौक के पास, 90 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार में चल रही गाड़ी से उसे बाहर फेंक दिया। इससे महिला के चेहरे और सिर में गंभीर चोटें आईं और उसे 12 से अधिक टांके लगे हैं। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और फिलहाल वह बयान देने की स्थिति में नहीं है।
बहन की शिकायत पर मामला दर्ज
महिला की बहन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, पीड़िता वैवाहिक विवाद के चलते माता-पिता के घर रह रही थी। सोमवार शाम वह सेक्टर-23 में एक दोस्त के घर गई थी। देर रात लौटते समय आरोपियों ने उसे लिफ्ट दी। रास्ते में आरोपियों ने दिशा बदल दी और वारदात को अंजाम दिया। किसी तरह पीड़िता ने अपनी बहन को फोन किया, जो मौके पर पहुंचीं और उसे बादशाह खान सिविल अस्पताल ले गईं। डॉक्टरों ने गंभीर चोटों को देखते हुए दिल्ली रेफर करने की सलाह दी, लेकिन परिवार ने फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बहन ने बताया कि हालत नाजुक होने के कारण यह निर्णय लिया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार, वैन जब्त
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वे उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के निवासी हैं और फिलहाल फरीदाबाद में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़िता के परिचित नहीं हैं। पहचान परेड के बाद ही उनकी पहचान सार्वजनिक की जाएगी। वारदात में इस्तेमाल की गई वैन भी जब्त कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पूछताछ में अपराध स्वीकार कर चुके हैं और उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। फिलहाल पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए अयोग्य घोषित किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

