
Delhi Assembly Elections 2025 : भाजपा ने आप पर लगाया शिक्षा के नाम पर भ्रष्टाचार का आरोप
एक स्टिंग ऑपरेशन के आधार पर भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर शिक्षा के नाम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। भाजपा ने अरविन्द केजरीवाल, आतिशी और मनीष सिसोदिया पर भी आरोप लगाया है।
Delhi Assembly Elections 2025 : दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान में अब दो दिन बचे हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी के खिलाफ एक स्टिंग ऑपरेशन सामने आया है, जिसके बाद भाजपा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल, मुख्यमंत्री आतिशी, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और विधायक सहीराम पहलवान पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी के विधायक सहीराम पहलवान पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाये हैं। ये आरोप एक स्टिंग ऑपरेशन पर आधारित हैं। दावा है कि स्कूलों में रोबोटिक्स पढ़ाने को लेकर रिश्वत दी गयी।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक प्रेस वार्ता में आप विधायक सहीराम पहलवान पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने एक स्टिंग वीडियो जारी कर दावा किया कि दिल्ली के स्कूलों में रॉबोटिक्स पढ़ाने के नाम पर करोड़ों रुपये की हेराफेरी की जा रही थी। इस मामले में पूर्वमुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री आतिशी और सहीराम पहलवान की मिलीभगत का आरोप लगाया गया है।
रॉबोटिक्स पढ़ाने के नाम पर करोड़ों की उगाही का आरोप
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने खुलासा किया कि दिल्ली के स्कूलों में पढ़ने वाले 20 लाख छात्रों से 2200 रुपये प्रति छात्र वसूले जाने की योजना बनाई गई थी। अलग-अलग जगहों पर 1500 से 2200 रुपये प्रति छात्र तक की रिश्वत तय की गई थी, जिससे यह घोटाला करोड़ों रुपये तक पहुंच सकता था।
भाजपा का हमला: "कट्टर बेईमान सरकार का पर्दाफाश"
प्रेसवार्ता में गौरव भाटिया के साथ भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी, दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर और तरुण राठी भी मौजूद थे।
गौरव भाटिया ने कहा "दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। अब जब उन्हें लगने लगा है कि अगली बार सत्ता में वापसी मुश्किल है, तो वे सरकारी योजनाओं के नाम पर जनता को लूटने में लगे हैं।"
भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि इस घोटाले में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की भी भूमिका हो सकती है, क्योंकि यह घोटाला शिक्षा मंत्रालय से जुड़ा है।
आप सरकार की सफाई?
भाजपा के आरोप और खुलासे के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
जांच की मांग
भाजपा ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील की है। क्या दिल्ली सरकार इस पर जवाब देगी या यह एक और घोटाले के रूप में इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा? यह देखना दिलचस्प होगा।
Next Story