
BSEB 12th Result 2026: बिहार में बेटियों का बोलबाला, 19 लड़कियां टॉपर
बिहार बोर्ड 12वीं के रिजल्ट में इस साल साइंस स्ट्रीम में आदित्य प्रकाश, आर्ट्स स्ट्रीम में साक्षी कुमारी व कॉमर्स में गया की अदिति कुमारी ने टॉप किया है...
बिहार बोर्ड 12वीं के रिजल्ट में इस साल साइंस स्ट्रीम में आदित्य प्रकाश, आर्ट्स स्ट्रीम में साक्षी कुमारी व कॉमर्स में गया की अदिति कुमारी ने टॉप किया है। बोर्ड ने इस साल रिकॉर्ड 25 दिन में बारहवीं का रिजल्ट जारी किया है। यहां जानें 12वीं के रिजल्ट से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें...
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने एक बार फिर पूरे देश में सबसे पहले इंटरमीडिएट का रिजल्ट जारी कर अपनी साख बनाई है। क्योंकि ऐसा दूसरी या तीसरी बार नहीं बल्कि यह लगातार 8वीं बार है, जब बिहार बोर्ड ने पूरे देश में सबसे पहले बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित किए हैं। बोर्ड मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आंकड़ों की बाजीगरी के बीच, जो सबसे बड़ी बात निकलकर सामने आई, वह है बिहार की बेटियों का शानदार प्रदर्शन। यानी एक बार फिर हमारी बेटियों ने बेटों को पछाड़ते हुए पढ़ाई की दुनिया में अपना दबदबा साबित किया है।
रेकॉर्ड प्रतिशत में पास हुए बच्चे
बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 85.19% परीक्षार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। इस शानदार परिणाम के साथ बोर्ड के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि मूल्यांकन शुरू होने के महज 25 दिनों के भीतर रिजल्ट तैयार कर लिया गया। आनंद किशोर और उनकी टीम की इस फुर्ती और तेज मूल्यांकन की सराहना करते हुए बोर्ड की ओर से बताया गया कि तकनीक के उचित उपयोग और पारदर्शी तरीके से परीक्षा संचालन द्वारा यह लक्ष्य हासिल किया जा सका। हालांकि बिहार जैसे बड़े राज्य के लिए शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह की उपलब्धि को लगातार अपने नाम करना बोर्ड की जीवटता का परिचय देता है।
बेटियों का दबदबा यहां भी कायम है
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महिला सशक्तिकरण के प्रयासों का असर 12वीं के परीक्षा परिणामों में साफ दिख रहा है, जहां छात्रों के उत्तीर्ण होने का प्रतिशत 84.09% रहा। वहीं, छात्राओं ने बाजी मारते हुए 86.23% सफलता दर प्राप्त की है। इस साल विज्ञान में आदित्य प्रकाश और बाकी दोनों यानी आर्ट्स स्ट्रीम में साक्षी कुमारी व कॉमर्स में गया की अदिति कुमारी ने टॉप किया है।
26 टॉपर्स में से 19 लड़कियां
खास बात यह है कि तीनों स्ट्रीम यानी संकायों में बेटियों की संख्या बेटों से अधिक रही। कुल टॉपर्स यानी तीनों संकायों (कला, विज्ञान, वाणिज्य) को मिलाकर कुल 26 टॉपर्स रहे। इन 26 टॉपर्स में से 19 लड़कियां हैं, जो यह बताने के लिए पर्याप्त है कि योग्यता साबित करने के समान अवसर मिलते रहें तो बिहार की बेटियां अब किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। आर्ट्स और कॉमर्स दोनों ही संकायों में छात्राओं ने प्रदेश में टॉप किया है, जबकि साइंस में एक छात्र ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
शीघ्र परिणाम आने के अनेक लाभ
बिहार शिक्षा बोर्ड की ओर से १२वीं के परिणाम समय रहते घोषित होने पर जोर देकर कहा गया कि सबसे पहले रिजल्ट जारी करने का मुख्य उद्देश्य छात्रों का भविष्य सुरक्षित करना है। सीमित समय में नतीजे आने से छात्र अब देश-दुनिया के किसी भी विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए समय पर आवेदन कर पाएंगे, जो छात्र किसी भी कारणवश सफल नहीं हो पाए, उन्हें भी निराश न होने की सलाह देते हुए जल्द ही कंपार्टमेंटल और विशेष परीक्षाओं का आयोजन किया जाने की बात कही गई है।

