पश्चिम एशिया में तनाव का असर, CBSE ने 12वीं के पेपर रद्द किए
x

पश्चिम एशिया में तनाव का असर, CBSE ने 12वीं के पेपर रद्द किए

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान युद्ध के बीच CBSE ने 7 देशों में कक्षा 12 की शेष बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। परिणाम घोषित करने का तरीका बाद में तय किया जाएगा।


सीबीएसई बोर्ड ने रविवार को घोषणा की कि पश्चिम एशिया के कई देशों में कक्षा 12 की शेष बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। बोर्ड ने यह फैसला क्षेत्र में जारी ईरान के खिलाफ इजराइल- अमेरिकी युद्ध से पैदा हुई सुरक्षा स्थिति को देखते हुए लिया है। CBSE द्वारा जारी आधिकारिक सर्कुलर के अनुसार, 16 मार्च से 10 अप्रैल 2026 के बीच निर्धारित कक्षा 12 की सभी परीक्षाएं उन छात्रों के लिए रद्द कर दी गई हैं, जो पश्चिम एशिया के कुछ देशों में स्थित सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में पढ़ते हैं।

इन देशों में रद्द हुई परीक्षाएं

बोर्ड ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित CBSE स्कूलों के छात्रों पर लागू होगा।बोर्ड के मेमो में कहा गया है कि कक्षा 12 की सभी परीक्षाएं जो 16.03.2026 से 10.04.2026 के बीच निर्धारित थीं, वे बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई के छात्रों के लिए रद्द की जाती हैं।

पहले स्थगित परीक्षाएं भी रद्द

CBSE ने यह भी स्पष्ट किया कि इससे पहले जिन परीक्षाओं को स्थगित किया गया था, वे भी अब रद्द मानी जाएंगी।बोर्ड के अनुसार, 1 मार्च, 3 मार्च, 5 मार्च, 7 मार्च और 9 मार्च 2026 को जारी सर्कुलरों के जरिए जिन परीक्षाओं को टाला गया था, वे भी अब पूरी तरह से रद्द कर दी गई हैं।

सुरक्षा हालात के कारण लिया गया फैसला

पिछले दो हफ्तों से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के कारण CBSE लगातार स्थिति की समीक्षा कर रहा था। बोर्ड ने पहले क्षेत्रीय हालात और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ परीक्षाओं को स्थगित किया था।CBSE ने कहा कि प्रभावित देशों के स्कूलों और संबंधित अधिकारियों से मिले सुझावों और जानकारी के आधार पर यह फैसला लिया गया है कि मौजूदा परिस्थितियों में परीक्षाएं आयोजित करना संभव नहीं है।

परिणाम घोषित करने का तरीका बाद में तय होगा

दिल्ली स्थित बोर्ड ने यह भी बताया कि इन देशों में कक्षा 12 के छात्रों के परिणाम किस तरह घोषित किए जाएंगे, इसका तरीका बाद में अलग से घोषित किया जाएगा।बोर्ड ने कहा कि परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया और उससे जुड़े दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे।

स्कूलों को दिए गए निर्देश

CBSE ने संबंधित स्कूलों को सलाह दी है कि वे बोर्ड के साथ लगातार संपर्क में रहें और छात्रों को आगे की प्रक्रिया के बारे में समय-समय पर जानकारी देते रहें। गौरतलब है कि इससे पहले बोर्ड ने पश्चिम एशिया में कक्षा 10 की परीक्षाएं भी रद्द कर दी थीं, जबकि कक्षा 12 की कुछ परीक्षाओं को पहले स्थगित किया गया था। ताजा फैसले के बाद अब कक्षा 12 की सभी शेष परीक्षाएं पूरी तरह रद्द कर दी गई हैं।

Read More
Next Story