
दुबई में नहीं होगा अक्षय कुमार की फिल्म का गाना, मुंबई में बनेगा दुबई जैसा सेट
अक्षय कुमार की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का दुबई में होने वाला गाना अब मुंबई में शूट होगा.
बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं. फैंस को उनकी अगली फिल्मों का बेसब्री से इंतजार है. इसी बीच उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म वेलकम टू द जंगल को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. दरअसल, फिल्म का एक खास गाना दुबई में शूट किया जाना था, लेकिन अब मेकर्स ने यह शूटिंग रद्द कर दी है. सुरक्षा कारणों की वजह से ये फैसला लिया गया है. अब इस गाने की शूटिंग मुंबई में ही की जाएगी, जहां दुबई जैसा भव्य सेट तैयार किया जाएगा.
दुबई में शूटिंग क्यों हुई कैंसिल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म के निर्देशक अहमद खान पूरी टीम के साथ दुबई में एक बड़े गाने की शूटिंग करने की तैयारी कर रहे थे. इस गाने में फिल्म की पूरी स्टार कास्ट शामिल होने वाली थी. लेकिन हाल ही में मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए मेकर्स ने दुबई में शूटिंग करने का प्लान रद्द कर दिया. टीम का मानना है कि कलाकारों और क्रू की सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है, इसलिए जोखिम लेना सही नहीं होगा. कुछ समय पहले ऐसा ही फैसला शाहरुख खान की फिल्म किंग की टीम ने भी लिया था. उस फिल्म का एक एक्शन सीक्वेंस भी दुबई में शूट होना था, लेकिन सुरक्षा कारणों से उसे भी रद्द कर दिया गया.
मुंबई में बनेगा दुबई जैसा सेट
हालांकि, फिल्म के इस गाने को पूरी तरह से कैंसिल नहीं किया गया है. अब मेकर्स ने इसका नया प्लान तैयार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक मुंबई के माध आइलैंड, गोल्डन टोबैको स्टूडियो और गोरेगांव फिल्म सिटी में बड़े-बड़े सेट बनाए जाएंगे. इन सेट्स को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि वे बिल्कुल दुबई जैसे दिखें. सेट पर नाइट क्लब, कसीनो और प्राइवेट जेट जैसी शानदार लोकेशन्स बनाई जाएंगी, ताकि गाने में वही ग्लैमरस माहौल नजर आए जो दुबई में शूटिंग के दौरान दिखाया जाना था.
गाने में दिखेगी पूरी स्टार कास्ट
इस गाने की खास बात यह है कि इसमें फिल्म की लगभग पूरी स्टार कास्ट दिखाई देगी. यही वजह है कि इस गाने को कैंसिल करना मेकर्स के लिए आसान नहीं था. फिल्म में अक्षय कुमार के साथ कई बड़े सितारे नजर आने वाले हैं. इनमें रवीना टंडन, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, लारा दत्ता, दिशा पाटनी, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, जैकलीन फर्नांडिस और श्रेयस तलपड़े जैसे कलाकार शामिल हैं. इतने बड़े कलाकारों की एक साथ तारीखें मिलना भी मुश्किल होता है, इसलिए मेकर्स ने जल्दी फैसला लेते हुए मुंबई में ही शूटिंग करने का प्लान बना लिया.
कब शुरू होगी गाने की शूटिंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस गाने की शूटिंग 15 अप्रैल से शुरू हो सकती है. इसके लिए मुंबई में बड़े पैमाने पर सेट तैयार किए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि ये एक बेहद ग्लैमरस गाना होगा, जिसमें अमीर लोगों की आलीशान जिंदगी को दिखाया जाएगा. यही वजह है कि शुरुआत में दुबई को शूटिंग के लिए चुना गया था, क्योंकि वहां की लोकेशन्स इस थीम के लिए बिल्कुल परफेक्ट मानी जाती हैं. इस साल अक्षय कुमार की कई बड़ी फिल्में रिलीज होने वाली हैं. इनमें उनकी फिल्म भूत बंगला भी शामिल है, जो जल्द ही सिनेमाघरों में आने वाली है. इसके अलावा वेलकम टू द जंगल और हैवान जैसी फिल्मों को लेकर भी फैंस के बीच काफी उत्साह है. हालांकि अभी इन फिल्मों की रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी पहले से ही दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रही है. ऐसे में वेलकम टू द जंगल को लेकर भी फैंस की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि मुंबई में बनाए गए सेट पर शूट किया गया ये गाना पर्दे पर कितना शानदार नजर आता है. फिलहाल फैंस को इस फिल्म के नए अपडेट और रिलीज डेट का इंतजार है.

