
जब रील लाइफ की गोली बनी रियल लाइफ का खतरा! इन बॉलीवुड सितारों पर चली गोलियां
रोहित शेट्टी, सलमान खान, राकेश रोशन समेत कई बॉलीवुड सेलेब्स असल जिंदगी में गोलीबारी और हमलों का शिकार हो चुके हैं.
बॉलीवुड की दुनिया बाहर से जितनी चमक-दमक और ग्लैमर से भरी नजर आती है, अंदर से उतनी ही खतरनाक और तनावपूर्ण भी रही है. रेड कार्पेट, कैमरे और सुपरस्टारडम के पीछे कई बार ऐसी घटनाएं होती हैं, जो आम लोगों को भी चौंका देती हैं. पिछले कुछ दशकों में कई बॉलीवुड सेलेब्स असल जिंदगी में गोलीबारी, धमकियों और हमलों का सामना कर चुके हैं. कहीं ये हादसा गलती से हुआ, तो कहीं अंडरवर्ल्ड, गैंगस्टर और धमकियों से जुड़ा मामला रहा. आइए जानते हैं उन बॉलीवुड सितारों के बारे में, जिनकी जिंदगी में रील से हटकर रियल लाइफ में गोलियों की आवाज गूंजी.
रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग
1 फरवरी 2026 की देर रात मुंबई में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना ने सभी को चौंका दिया. ‘सिंघम’ और ‘सूर्यवंशी’ जैसी बड़ी एक्शन फिल्मों के डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर कम से कम चार गोलियां चलाई गईं. बताया गया कि बिल्डिंग पर गोलियों के निशान भी मिले. राहत की बात ये रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ. उस वक्त रोहित शेट्टी घर के अंदर ही मौजूद थे. पुलिस ने तुरंत इलाके को सील कर दिया और FIR दर्ज की. हालांकि अभी तक इस हमले के पीछे की पक्की वजह सामने नहीं आई है.
सलमान खान के घर के पास चली गोलियां
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान लंबे समय से धमकियों के चलते सुर्खियों में रहे हैं. अप्रैल 2024 में उनके मुंबई के बांद्रा स्थित घर के पास फायरिंग की घटना हुई थी. देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने उनके घर के आसपास गोलियां चलाईं. हालांकि उस समय सलमान खान घर पर मौजूद नहीं थे और वो पूरी तरह सुरक्षित रहे. इस घटना के बाद पूरे फिल्म इंडस्ट्री में डर का माहौल बन गया. पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और सलमान खान की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई. इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए कि क्या बड़े सितारे भी अपने ही घर में सुरक्षित हैं?
गोविंदा की एक्सीडेंटल फायरिंग
अक्टूबर 2024 में अभिनेता गोविंदा एक अजीब और डरावने हादसे का शिकार हो गए. मुंबई के जुहू स्थित अपने घर में वो अपनी अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर को अलमारी में रख रहे थे, तभी गलती से गोली चल गई. गोली सीधे उनके पैर में जा लगी. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गोली निकालकर 8 से 10 टांके लगाए. बाद में गोविंदा ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस और डॉक्टरों का धन्यवाद किया. ये मामला हादसा था, लेकिन इसने ये दिखा दिया कि हथियारों से जुड़ी छोटी सी लापरवाही भी कितनी खतरनाक हो सकती है.
राकेश रोशन पर अंडरवर्ल्ड का हमला
बॉलीवुड को सबसे ज्यादा हिला देने वाली घटनाओं में से एक थी फिल्ममेकर राकेश रोशन पर हमला. 21 जनवरी 2000 को मुंबई के सांताक्रूज़ में उनके ऑफिस के बाहर दो बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं थी. बताया गया कि ये हमला अंडरवर्ल्ड की ओर से वसूली से जुड़ा था, खासकर तब जब उनकी फिल्म ‘कहो ना… प्यार है’ सुपरहिट हो गई थी. राकेश रोशन के हाथ और सीने के पास गोली लगी, लेकिन वो हिम्मत दिखाते हुए पहले पुलिस स्टेशन पहुंचे और फिर अस्पताल गए. सर्जरी के बाद वो ठीक हो गए और दोबारा फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हो गए. इस घटना ने उस दौर में बॉलीवुड और अंडरवर्ल्ड के रिश्तों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया था.
दिशा पाटनी के घर के बाहर फायरिंग
सितंबर 2025 में अभिनेत्री दिशा पाटनी के उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित घर के बाहर भी गोलियां चलाई गईं. पुलिस के मुताबिक ये घटना कुछ कथित बयानों और धमकियों से जुड़ी थी. एक गैंगस्टर ग्रुप ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया और इसे चेतावनी बताया. हालांकि दिशा पाटनी और उनका परिवार पूरी तरह सुरक्षित रहे. इस घटना ने ये दिखा दिया कि अब खतरे सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं हैं.
अमिताभ बच्चन का हादसा, जिसे गोली समझा गया
1982 में फिल्म ‘कुली’ की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन एक गंभीर हादसे का शिकार हुए थे. हालांकि उन्हें गोली नहीं लगी थी, लेकिन अफवाहें ऐसी फैलीं कि लोग इसे शूटिंग से जुड़ी गोलीबारी समझ बैठे. असल में एक स्टंट के दौरान वह टेबल से टकरा गए, जिससे उनकी तिल्ली (spleen) फट गई. हालत इतनी गंभीर थी कि पूरे देश में उनके लिए दुआएं होने लगीं. हालांकि ये गोलीबारी नहीं थी, फिर भी यह बॉलीवुड के सबसे डरावने हादसों में से एक माना जाता है.
गुलशन कुमार की हत्या
म्यूजिक इंडस्ट्री के बड़े नाम गुलशन कुमार की 12 अगस्त 1997 को बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. मुंबई के एक मंदिर जाते समय अज्ञात हमलावरों ने उन्हें 16 गोलियां मारीं. ये मामला भी अंडरवर्ल्ड और वसूली से जुड़ा माना गया. गुलशन कुमार की मौत ने पूरी इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया और इसके बाद से सेलेब्रिटी सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम उठाए गए. इन सभी घटनाओं से साफ है कि बॉलीवुड की चमक-दमक के पीछे एक स्याह और खतरनाक दुनिया भी रही है. चाहे वो अंडरवर्ल्ड का दबाव हो, गैंगस्टर धमकियां हों या फिर एक्सीडेंटल फायरिंग कई सितारों को अपनी जान तक का खतरा झेलना पड़ा है. ये घटनाएं बताती हैं कि स्टारडम के साथ खतरे भी आते हैं, और सेलेब्रिटीज की सुरक्षा आज भी एक बड़ा मुद्दा बनी हुई है.

