
रिलीज से पहले ही ‘धुरंधर 2’ का धमाका, पेड प्रीव्यू में तोड़ा पहले पार्ट का रिकॉर्ड
पेड प्रीव्यू के एडवांस टिकट सेल में इस फिल्म ने पहले पार्ट के ओपनिंग डे कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है.
इन दिनों अगर किसी बॉलीवुड फिल्म की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, तो वो है Dhurandhar 2. इस फिल्म में मुख्य भूमिका में Ranveer Singh नजर आने वाले हैं और ये फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. इसी उत्साह को देखते हुए मेकर्स ने फिल्म की रिलीज से एक दिन पहले यानी 18 मार्च को पेड प्रीव्यू शो रखने का फैसला किया है. दिलचस्प बात ये है कि फिल्म ने रिलीज से पहले ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
पेड प्रीव्यू में ही बना दिया रिकॉर्ड
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ‘धुरंधर 2’ के पेड प्रीव्यू शो के लिए अब तक लाखों टिकट बिक चुके हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 13 मार्च सुबह 9 बजे तक फिल्म के 4 लाख 77 हजार 981 टिकट बिक चुके हैं. इन टिकटों की बिक्री से फिल्म ने लगभग 24.46 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. अगर इसमें ब्लॉक सीट्स की कमाई भी जोड़ दी जाए तो ये आंकड़ा करीब 29.4 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है.
पहले पार्ट से निकली आगे
ये आंकड़ा इसलिए भी खास है क्योंकि ये ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट के ओपनिंग डे कलेक्शन से भी ज्यादा है. पहली फिल्म Dhurandhar ने अपने पहले दिन करीब 28 करोड़ रुपये की कमाई की थी. यानी ‘धुरंधर 2’ ने रिलीज से पहले ही अपने पहले पार्ट के शुरुआती कलेक्शन का रिकॉर्ड पार कर लिया है. ये फिल्म के लिए एक शानदार संकेत माना जा रहा है.
बन सकती है सबसे बड़ी ओपनर
फिल्म के पेड प्रीव्यू शो में अभी भी कई दिन बाकी हैं और एडवांस बुकिंग लगातार जारी है. ऐसे में मीडिया रिपोर्ट का मानना है कि पेड प्रीव्यू और ओपनिंग डे की कमाई को मिलाकर फिल्म का पहले दिन का कुल कलेक्शन 100 करोड़ रुपये से ज्यादा हो सकता है. अगर ऐसा होता है, तो ‘धुरंधर 2’ बॉलीवुड की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन सकती है. फिलहाल ये रिकॉर्ड Shah Rukh Khan की फिल्म Jawan के नाम है. साल 2023 में रिलीज हुई ‘जवान’ ने अपने पहले दिन 75 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जो अब तक बॉलीवुड की सबसे बड़ी ओपनिंग मानी जाती है.
मल्टी लैंग्वेज में रिलीज होगी फिल्म
‘धुरंधर 2’ को निर्देशक Aditya Dhar ने बनाया है. इस फिल्म को इस बार सिर्फ हिंदी में ही नहीं, बल्कि तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा. यानी फिल्म का स्केल पहले पार्ट से कहीं ज्यादा बड़ा रखा गया है. ‘धुरंधर’ का पहला पार्ट सिर्फ हिंदी भाषा में रिलीज हुआ था, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा का लाइफटाइम कलेक्शन किया था. इसी वजह से दूसरे पार्ट से भी मेकर्स और फैंस को काफी ज्यादा उम्मीदें हैं.
फैंस को है बड़ी उम्मीद
रणवीर सिंह की एनर्जी और दमदार एक्टिंग के कारण यह फिल्म पहले से ही काफी चर्चा में है. अब जिस तरह से रिलीज से पहले ही फिल्म की एडवांस बुकिंग हो रही है, उसे देखकर साफ लग रहा है कि ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर सकती है. अब सबकी नजर 19 मार्च पर टिकी है, जब ये फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज होगी और ये साफ हो जाएगा कि क्या ये फिल्म सच में बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास बना पाएगी या नहीं.

