
‘धुरंधर 2’ की रिलीज से पहले बॉलीवुड में हलचल, सलमान-शाहिद भी जुड़े खास प्लान से
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ की रिलीज से पहले बड़ा बज बन गया है.
बॉलीवुड में इस समय जिस फिल्म की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह है रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’. फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और रिलीज से पहले ही इसका जबरदस्त बज बन चुका है. ट्रेड एक्सपर्ट्स से लेकर फैंस तक, हर किसी की नजर इस फिल्म पर टिकी हुई है. फिल्म के ट्रेलर का भी लोगों को बेसब्री से इंतजार है. बताया जा रहा है कि 7 मार्च को इसका ट्रेलर रिलीज किया जाएगा, जबकि फिल्म के पेड प्रीव्यू 18 मार्च से शुरू होंगे. खास बात ये है कि फिल्म की रिलीज से पहले अब एक और दिलचस्प खबर सामने आई है, जिससे बॉलीवुड के कई बड़े सितारों का नाम भी इस फिल्म से जुड़ गया है. दरअसल, खबर है कि ‘धुरंधर 2’ सिर्फ रणवीर सिंह की फिल्म ही नहीं रह गई है, बल्कि इसके जरिए बॉलीवुड की कई आने वाली फिल्मों को प्रमोशन का बड़ा मौका मिलने वाला है.
क्लैश हटने से ‘धुरंधर 2’ को मिला फायदा
पहले माना जा रहा था कि रणवीर सिंह की फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर बड़ा क्लैश हो सकता है. खासतौर पर साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ से टक्कर की चर्चा थी, लेकिन अब खबर है कि ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है. इस वजह से ‘धुरंधर 2’ को अब बॉक्स ऑफिस पर खुला मैदान मिल गया है. इससे फिल्म के कलेक्शन को भी फायदा हो सकता है. यही वजह है कि कई प्रोडक्शन हाउस इस मौके का फायदा उठाना चाहते हैं.
अक्षय कुमार की फिल्म का भी मिलेगा फायदा
कुछ समय पहले खबर आई थी कि अक्षय कुमार की फिल्म ‘भूत बंगला’ का ट्रेलर ‘धुरंधर 2’ के थिएट्रिकल प्रिंट्स के साथ दिखाया जाएगा. ये फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. क्योंकि ‘धुरंधर 2’ को लेकर पहले से ही बड़ा बज बना हुआ है, इसलिए इसके साथ ट्रेलर दिखाना फिल्म के प्रमोशन के लिए काफी फायदेमंद माना जा रहा है.
अब सलमान खान और शाहिद कपूर की एंट्रॉ
अब ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिर्फ अक्षय कुमार ही नहीं बल्कि सलमान खान और शाहिद कपूर की फिल्मों को भी ‘धुरंधर 2’ से फायदा मिलने वाला है. बताया जा रहा है कि जियो स्टूडियोज ने अपनी दो बड़ी फिल्मों के टीजर भी ‘धुरंधर 2’ के साथ थिएटर्स में दिखाने की योजना बनाई है. इनमें शामिल हैं ‘राजा शिवाजी’ और ‘कॉकटेल 2’. अगर ऐसा होता है तो ‘धुरंधर 2’ देखने आने वाले दर्शकों को एक साथ कई बड़ी फिल्मों की झलक देखने को मिलेगी.
‘राजा शिवाजी’ में नजर आएंगे सलमान खान
पहली फिल्म है ‘राजा शिवाजी’, जिसे मराठी सिनेमा की अब तक की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बताया जा रहा है. इस फिल्म में रितेश देशमुख छत्रपति शिवाजी महाराज का किरदार निभा रहे हैं. खास बात ये है कि रितेश देशमुख ही इस फिल्म के डायरेक्टर भी हैं. फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी बड़ी है. इसमें सलमान खान भी नजर आने वाले हैं और बताया जा रहा है कि उन्होंने अपना शूट पूरा कर लिया है. इस फिल्म में कई बड़े कलाकार दिखाई देंगे, जैसे अभिषेक बच्चन, संजय दत्त, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री, फरदीन खान और जेनेलिया देशमुख. ये फिल्म 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. ऐसे में ‘धुरंधर 2’ के साथ इसका टीजर दिखाना फिल्म के लिए एक बड़ा प्रमोशनल प्लेटफॉर्म साबित हो सकता है.
‘कॉकटेल 2’ में शाहिद कपूर की वापसी
दूसरी फिल्म है ‘कॉकटेल 2’, जिसे डायरेक्टर होमी अदजानिया बना रहे हैं. ये एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म होगी. इस फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना लीड रोल में नजर आएंगे. फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि ये भी जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी. अगर ‘धुरंधर 2’ के साथ इसका टीजर दिखाया जाता है, तो ये फिल्म भी रिलीज से पहले ही चर्चा में आ सकती है.
क्यों खास है ‘धुरंधर 2’
दरअसल, ‘धुरंधर 2’ को इस साल की सबसे बड़ी बॉलीवुड फिल्मों में से एक माना जा रहा है. फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है, जो पहले भी बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए जाने जाते हैं. रणवीर सिंह की इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है. फिल्म का ट्रेलर और एक्शन सीक्वेंस पहले से ही चर्चा में हैं. यही वजह है कि कई फिल्म मेकर्स इसे अपने प्रमोशन के लिए एक बड़े प्लेटफॉर्म के रूप में देख रहे हैं.
बॉलीवुड के लिए क्यों अहम है ये फिल्म
अगर ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करती है, तो इससे बॉलीवुड इंडस्ट्री को भी बड़ा फायदा मिल सकता है. पिछले कुछ समय से इंडस्ट्री को बड़ी हिट फिल्मों की जरूरत महसूस हो रही है. ऐसे में रणवीर सिंह की ये फिल्म न सिर्फ खुद के लिए बल्कि कई दूसरी फिल्मों के लिए भी रास्ता खोल सकती है. कुल मिलाकर, ‘धुरंधर 2’ सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि कई बड़ी फिल्मों के प्रमोशन का भी बड़ा मंच बनती नजर आ रही है. अब देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है.

