जुनैद खान-सई पल्लवी की ‘एक दिन’ का ट्रेलर रिलीज, इस दिन सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
x

जुनैद खान-सई पल्लवी की ‘एक दिन’ का ट्रेलर रिलीज, इस दिन सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

आमिर खान के बेटे जुनैद खान और साउथ स्टार सई पल्लवी की फिल्म ‘एक दिन’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है.


आमिर खान के बेटे जुनैद खान की नई फिल्म ‘एक दिन’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है. इस फिल्म में उनके साथ साउथ सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस सई पल्लवी नजर आने वाली हैं. खास बात ये है कि ये सई पल्लवी की पहली हिंदी फिल्म है. वहीं जुनैद खान की ये दूसरी थिएट्रिकल रिलीज होगी. ट्रेलर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है. फिल्म एक हल्की-फुल्की लव स्टोरी लग रही है, जिसमें प्यार, किस्मत और भावनाओं का दिलचस्प मेल देखने को मिलेगा.

जुनैद खान की दूसरी फिल्म

जुनैद खान ने हाल ही में बड़े पर्दे पर कदम रखा है. उन्होंने अपनी पहली थिएट्रिकल फिल्म ‘लवयापा’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. उस फिल्म में उनके साथ खुशी कपूर नजर आई थीं. हालांकि ‘लवयापा’ बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा सकी थी. ऐसे में जुनैद को अपनी नई फिल्म ‘एक दिन’ से काफी उम्मीदें होंगी. दूसरी तरफ सई पल्लवी पहले से ही साउथ सिनेमा की बड़ी स्टार हैं. उनकी फिल्मों और एक्टिंग को दर्शक काफी पसंद करते हैं. अब हिंदी सिनेमा में उनका कदम रखना भी चर्चा का विषय बन गया है.

ट्रेलर में दिखी सादगी और इमोशन

फिल्म ‘एक दिन’ का ट्रेलर करीब 2 मिनट 12 सेकेंड का है. ये ट्रेलर बहुत ज्यादा धमाकेदार नहीं है, लेकिन इसमें एक सादगी और ताजगी जरूर दिखाई देती है. ट्रेलर में प्यार की एक ऐसी कहानी दिखाई गई है जिसमें भावनाएं और किस्मत का खेल अहम भूमिका निभाते हैं. हालांकि कुछ जगहों पर जुनैद और सई पल्लवी की केमिस्ट्री थोड़ी कमजोर लगती है, लेकिन फिल्म के इमोशनल सीन उसे संभाल लेते हैं. कुल मिलाकर ट्रेलर एक सॉफ्ट रोमांटिक फिल्म का संकेत देता है.

ट्रेलर की शुरुआत कैसे होती है?

फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत एक खास जगह से होती है, जहां ‘फॉर्च्यून बेल’ यानी किस्मत की घंटी लगी होती है. जुनैद खान बताते हैं कि दुनिया भर के हारे हुए आशिक यहां आकर ये घंटी बजाते हैं, ताकि शायद उनकी किस्मत बदल जाए और उनका प्यार उन्हें मिल जाए. इसी दौरान उनका दोस्त मजाक में कहता है कि चाहे जितनी बार घंटी बजा लो, कुछ होने वाला नहीं है. इसके बाद जुनैद का किरदार दिल से कहता है, “काश मीरा मेरी हो जाए… चाहे एक दिन के लिए ही सही” यहीं से फिल्म की कहानी में प्यार, उम्मीद और किस्मत का दिलचस्प सफर शुरू होता दिखाई देता है.

आमिर खान ने किया है प्रोड्यूस

फिल्म ‘एक दिन’ को बॉलीवुड के सुपरस्टार आमिर खान ने अपने प्रोडक्शन हाउस आमिर खान फिल्म्स के तहत प्रोड्यूस किया है. फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है, जबकि इसकी कहानी स्नेहा देसाई और स्पंदन मिश्रा ने लिखी है. फिल्म में जुनैद खान और सई पल्लवी के अलावा कुणाल कपूर और केविन दवे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.

अरिजीत सिंह का खास गाना

फिल्म का संगीत भी खास चर्चा में है. इसमें मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह का एक गाना शामिल है, जिसकी झलक ट्रेलर में भी सुनाई देती है. खास बात ये है कि इस गाने को रिकॉर्ड कराने के लिए आमिर खान खुद पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में अरिजीत सिंह के घर तक पहुंचे थे. फिल्म का म्यूजिक राम संपत ने दिया है, जबकि गानों के बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं.

कब रिलीज होगी फिल्म?

फिल्म ‘एक दिन’ जल्द ही बड़े पर्दे पर दर्शकों के सामने आने वाली है. ये फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म के ट्रेलर के बाद अब दर्शकों को इसकी रिलीज का इंतजार है. अगर फिल्म की कहानी और इमोशन दर्शकों को पसंद आते हैं, तो ये फिल्म जुनैद खान के करियर के लिए एक बड़ा मोड़ साबित हो सकती है. साथ ही सई पल्लवी के लिए भी हिंदी सिनेमा में ये एक मजबूत शुरुआत हो सकती है.

Read More
Next Story