
Rohit Shetty के घर फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, 4 गिरफ्तार, बिश्नोई गैंग से कनेक्शन का शक
फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर फायरिंग मामले में 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है.
मुंबई में मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना ने बॉलीवुड और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है. इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. शुरुआती जांच में इन आरोपियों के तार कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है. ये घटना रविवार तड़के, यानी 1 फरवरी 2026 की रात को हुई, जब रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर अचानक गोलियां चलाई गईं.
तड़के हुई फायरिंग, कई राउंड फायर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जुहू इलाके में स्थित रोहित शेट्टी के नौ मंजिला इमारत के पहले फ्लोर पर करीब पांच राउंड फायरिंग की गई. एक गोली इमारत में मौजूद जिम के शीशे को भी लगी. गनीमत की बात ये रही कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ. हालांकि, उस समय रोहित शेट्टी अपने घर पर मौजूद थे या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस नहीं कर पाई है. फायरिंग की खबर मिलते ही मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और इलाके की घेराबंदी कर दी गई.
सुरक्षा बढ़ाई गई, जांच तेज
घटना के बाद रोहित शेट्टी के घर के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने पूरे इलाके में अतिरिक्त फोर्स तैनात की है. जुहू पुलिस के साथ-साथ मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम भी मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि ये पता लगाया जा सके कि फायरिंग किसने की और आरोपी कैसे फरार हुए. इसके अलावा, फॉरेंसिक और बैलिस्टिक एक्सपर्ट्स की टीम भी मौके पर पहुंची और सबूत इकट्ठा किए गए.
पुणे से पकड़े गए आरोपी
पुलिस की जांच में एक बड़ा सुराग मिलने के बाद पुणे पुलिस ने पहले पांच लोगों को हिरासत में लिया. बाद में इनमें से चार को मुंबई लाया गया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है. अमन मारोते (27) – करवे नगर निवासी, आदित्य गायकी (19) – करवे नगर निवासी, सिद्धार्थ येणपुरे (20) – धायरी निवासी, समार्थ पोमाजी (18) – धायरी निवासी और स्वप्निल साकत (23) – धायरी निवासी. इनमें से चार को बाद में मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया.
बिश्नोई गैंग से कनेक्शन का शक
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं. खासतौर पर उनका नाम शुभम लोणकर से जुड़ रहा है, जो एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का आरोपी रह चुका है. पुलिस का कहना है कि ये आरोपी शूटरों को लॉजिस्टिक सपोर्ट यानी हथियार, ठिकाना या अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में शामिल हो सकते हैं.
सोशल मीडिया पर धमकी भरा पोस्ट
फायरिंग के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक धमकी भरा पोस्ट भी सामने आया, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया. ये पोस्ट “Shubham Lonkar and Arzoo Bishnoi” नाम के अकाउंट से शेयर किया गया था. इस पोस्ट में दावा किया गया कि इस हमले के पीछे शुभम लोणकर का हाथ है. पोस्ट में साफ तौर पर चेतावनी देते हुए लिखा गया कि यह हमला सिर्फ एक “ट्रेलर” है. पोस्ट में कहा गया, अगर वो नहीं सुधरे, तो अगली गोलियां घर के बाहर नहीं, बल्कि बेडरूम के अंदर होंगी. इसके साथ ही पोस्ट में पूरे बॉलीवुड को भी धमकी दी गई और कहा गया कि ये पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए चेतावनी है। अगर समय रहते नहीं सुधरे, तो हालात बहुत खराब हो जाएंगे.
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड से जुड़ाव
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले का कनेक्शन 2024 में हुए एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या से भी जोड़ा जा रहा है. बाबा सिद्दीकी को अक्टूबर 2024 में मुंबई के बांद्रा इलाके में उनके बेटे के ऑफिस के बाहर गोली मार दी गई थी. इस केस में भी बिश्नोई गैंग के लोगों का नाम सामने आया था. अब रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में भी वही नाम सामने आने से पुलिस इसे बेहद गंभीर मान रही है. चारों गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 5 फरवरी 2026 तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है. पुलिस अब उनसे पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है. फायरिंग का असली मकसद क्या था? इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं? क्या किसी और बॉलीवुड हस्ती को भी धमकी दी गई है?
बॉलीवुड में बढ़ी चिंता
इस घटना के बाद बॉलीवुड इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. लगातार सामने आ रही धमकियों और फायरिंग जैसी घटनाओं ने सेलेब्रिटीज की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस जांच में आगे क्या खुलासे होते हैं और क्या इस मामले में बिश्नोई गैंग के बड़े नाम सामने आते हैं.

