
Oscars 2026: बेस्ट पिक्चर की रेस में कौन है सबसे आगे और कौन पीछे? देखें पूरी रैंकिंग
Oscars 2026 का समय करीब है और इस साल 'बेस्ट पिक्चर' की श्रेणी में मुकाबला बहुत कड़ा है। इस रेस में रयान कूगलर की 'सिनर्स' (Sinners) ने रिकॉर्ड 16 नॉमिनेशंस के साथ सबको चौंका दिया है।
Oscars 2026: फिल्मी दुनिया से जुड़े हर इंसान चाहे वो डायरेक्टर हो या एक्टर। सबका यही सपना होता है कि उन्हें अपने करियर में कम से कम एक बार ऑस्कर अवॉर्ड ज़रूर मिले। अब जबकि ऑस्कर 2026 नज़दीक है, तो पूरी दुनिया की नज़रें इसी बड़े इवेंट पर टिकी हैं। जो लोग सिनेमा को करीब से समझते हैं, वे जानते हैं कि ऑस्कर की अहमियत क्या है और इसे दुनिया का सबसे बड़ा सम्मान क्यों माना जाता है। इस बार भी रेस काफी दिलचस्प है क्योंकि कई अलग-अलग देशों की फ़िल्में, सीरीज़ और शॉर्ट फ़िल्में ऑस्कर जीतने की होड़ में शामिल हैं। ऑस्कर 2026 का आयोजन 15 मार्च को लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में होगा। भारत में आप इसे 16 मार्च को सुबह 4:30 बजे से जियो हॉटस्टार पर लाइव देख सकते हैं। तो चलिए आपको बताते हैं कि इस बार के ऑस्कर में कौन सी 10 फिल्में हैं जो बेस्ट पिक्चर की रेस में है।
10. एफ़-वन (F1)
जोसफ कोसिनस्की की यह फिल्म एक चमकदार रेसिंग ड्रामा है। इसमें ब्रैड पिट एक रिटायर्ड ड्राइवर की भूमिका निभाते हैं जो एक युवा ड्राइवर को ट्रेन करने के लिए वापस ट्रैक पर आता है। फिल्म में असली ग्रां प्री रेस वीकेंड के दौरान शूट किए गए सीन हैं, जिससे रेसिंग काफी रियल लगती है। एडिटिंग और साउंड डिजाइन शानदार हैं और फॉर्मूला वन की रफ्तार और खतरे को अच्छी तरह दिखाते हैं। लेकिन कहानी काफी पारंपरिक स्पोर्ट्स ड्रामा जैसी लगती है। फिल्म देखने में मजेदार है, लेकिन खत्म होने के बाद ज्यादा देर याद नहीं रहती।
9. फ्रेंकस्टीन (Frankenstein)
गुइलेर्मो डेल टोरो की यह फिल्म मैरी शेली के मशहूर उपन्यास फ्रेंकस्टीन पर आधारित है। फिल्म में जेकब एलार्डी ने 'क्रीचर' के रूप में बेहतरीन काम किया है। यह कहानी एक ऐसे प्राणी की है जिसे बनाया तो गया, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया। फिल्म का सेट और प्रोडक्शन डिजाइन बेहद खूबसूरत है। हर फ्रेम ऐसा लगता है जैसे किसी कलाकार ने हाथ से तैयार किया हो। हालांकि, फिल्म देखने में सुंदर जरूर है, लेकिन भावनात्मक रूप से उतनी असरदार नहीं बन पाती।
8. ट्रेन ड्रीम्स (Train Dreams)
क्लिंट बेंटले की यह फिल्म अमेरिकी इतिहास की शुरुआती 20वीं सदी की पृष्ठभूमि में बनी है। इसमें जोएल एडगर्टन एक लकड़हारे की भूमिका निभाते हैं, जिसकी जिंदगी मेहनत, अकेलेपन और छोटी-छोटी खुशियों के बीच गुजरती है। फिल्म का माहौल शांत और सोचने पर मजबूर करने वाला है। लेकिन इसकी धीमी गति के कारण यह बड़े दर्शकों के बीच ज्यादा चर्चा में नहीं आ पाई।
7. बुगोनिया (Bugonia)
योर्गोस लैंथिमोस की यह फिल्म एक अजीब लेकिन दिलचस्प सटायर है। कहानी में जेसी प्लेमोंस एक मधुमक्खी पालने वाले व्यक्ति का किरदार निभाते हैं जो मानता है कि एक बड़ी फार्मा कंपनी की सीईओ एम्मा स्टोनअसल में एलियन है। फिल्म आधुनिक दौर की साजिशों, गलत जानकारी और सत्ता के अंधभक्ति पर तंज करती है। हालांकि कुछ लोगों को लगा कि निर्देशक का स्टाइल पहले जैसा ही दोहराया गया है।
6. मार्टी सुप्रीम (Marty Supreme)
इस फिल्म का निर्देशन जोश सफ्दी ने किया है और इसमें टिमथी शाल्मे मुख्य भूमिका में हैं। यह कहानी 1950 के दशक के न्यूयॉर्क में शोहरत के पीछे भागता एक जुआरी है। शाल्मे की 'मैनिक इंटेंसिटी' इस फिल्म की ताकत है। यह फिल्म सफलता के नशे और उससे होने वाले नुकसान को बखूबी दिखाती है।
5. हैमनेट (Hamnet)
क्लो झाओ की यह फिल्म लेखक विलियम शेक्सपियर के परिवार की कहानी पर आधारित है। इस कहानी को बहुत संवेदनशीलता से पर्दे पर उतारा है। फिल्म में जेसी बकली एक मां की भूमिका निभाती हैं जो अपने बेटे की मौत के बाद टूट जाती है। जेसी बकली का प्रदर्शन मास्टरक्लास है और फिल्म दिखाती है कि कैसे निजी दुख महान कला (हैमलेट नाटक) का रूप ले लेता है। यह फिल्म भावनात्मक रूप से बहुत गहरी है और कई पुरस्कार भी जीत चुकी है।
4. फैमिली डिनर (Family Dinner)
जोआचिम ट्रायर की यह फिल्म एक परिवार की जटिल भावनाओं को दिखाती है। कहानी एक मशहूर फिल्म निर्देशक की है जो सालों बाद अपनी बेटियों से रिश्ता सुधारने की कोशिश करता है। फिल्म के लंबे संवाद और मजबूत अभिनय इसे बेहद वास्तविक बनाते हैं।
3. सिनर्स (Sinners)
रयान कूगलर ने 'हॉरर' और 'नस्लीय तनाव' को मिलाकर एक ऐसी फिल्म बनाई है जो लंबे समय तक याद रहेगी। माइकल बी. जॉर्डन का अभिनय और लुडविग गोरानसन का संगीत इसे इस साल की सबसे प्रभावशाली फिल्मों में से एक बनाता है। 16 नॉमिनेशंस इसकी सफलता की कहानी खुद बयां करते हैं। माइकल बी. जॉर्डन इसमें जुड़वां भाइयों की भूमिका निभाते हैं जो अमेरिका के दक्षिणी इलाके में एक म्यूजिक क्लब खोलते हैं, लेकिन वहां एक खतरनाक रहस्य सामने आता है। फिल्म को रिकॉर्ड 16 ऑस्कर नॉमिनेशन मिले हैं और यह बॉक्स ऑफिस पर भी सफल रही।
2. वन बैटल आफ्टर अनदर (One Battle After Another)
पॉल थॉमस एंडरसन की यह फिल्म एक अराजक राजनीतिक कॉमेडी है। ये फिल्म भविष्य के अमेरिका की राजनीतिक कहानी बताती है। लियोनार्डो डिकैप्रियो एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका निभाते हैं जो अनजाने में एक विद्रोही आंदोलन का हिस्सा बन जाता है। फिल्म में राजनीति, हास्य और बड़े एक्शन सीन का शानदार मिश्रण है। लियोनार्डो डिकैप्रियो के नेतृत्व में यह फिल्म आज के बिखरते समाज और सरकारी मशीनरी पर एक गहरी चोट है। इसे इस साल के सबसे मजबूत दावेदारों में से एक माना जा रहा है।
1. द सीक्रेट एजेंट (The Secret Agent)
इस साल की सबसे चर्चित फिल्म है Kleber Mendonça Filho की The Secret Agent। ब्राजील की यह फिल्म सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि प्रतिरोध की एक दहाड़ है। कहानी 1970 के दशक के ब्राज़ील की सैन्य तानाशाही के दौर में सेट है। वाग्नेर मौरा एक प्रोफेसर की भूमिका निभाते हैं जो अनजाने में सरकार के खिलाफ खड़ा हो जाता है और फिर उसकी जान खतरे में पड़ जाती है। तानाशाही के दौर में एक प्रोफेसर के संघर्ष की यह कहानी आज के समय में बेहद प्रासंगिक है। फिल्म राजनीति, डर और प्रतिरोध की कहानी को बेहद ताकतवर तरीके से दिखाती है। इसी वजह से इसे कई समीक्षक इस साल की सबसे बेहतरीन फिल्म मान रहे हैं। समीक्षकों के अनुसार, यह वह फिल्म है जिसे इतिहास में 2025 के सिनेमा की असली पहचान के रूप में याद किया जाएगा।

