अब नए नाम से आएगी फिल्म ‘घूसखोर पंडत’, फिल्म के मेकर्स ने कोर्ट को दी जानकारी
x
'घूसखोर पंडत' फिल्म में मनोज वाजपेयी लीड रोल में हैं

अब नए नाम से आएगी फिल्म ‘घूसखोर पंडत’, फिल्म के मेकर्स ने कोर्ट को दी जानकारी

सुनवाई के दौरान नेटफ्लिक्स ने कोर्ट को बताया कि विवाद को देखते हुए मेकर्स फिल्म का नाम बदलने के लिए तैयार हैं.


विलियम शेक्सपियर सदियों पहले कह गए थे, 'नाम में क्या रखा है?'। लेकिन शेक्सपियर की उस बात ने अब अपने मायने खो दिए हैं। बॉलीवुड की एक फिल्म का नाम बदला जा रहा है क्योंकि उसको लेकर भारी बवाल हो गया था। वो फिल्म है नीरज पांडे द्वारा निर्मित और मनोज बाजपेयी अभिनीत ‘घूसखोर पंडित’, जोकि अभी रिलीज भी नहीं हुई है।

फिल्म के टाइटल पर भारी विरोध के बाद मेकर्स ने बड़ा फैसला लेते हुए इसका नाम बदलने का निर्णय लिया है। इस बारे में ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने दिल्ली हाईकोर्ट को आधिकारिक जानकारी दी है।

नाम को लेकर शुरू हुआ था विवाद

फिल्म की घोषणा के साथ ही इसके टाइटल में इस्तेमाल किए गए ‘पंडित’ शब्द को लेकर विरोध शुरू हो गया था। आरोप लगाया गया कि यह नाम हिंदू पुजारियों और एक विशेष समुदाय की छवि को नुकसान पहुंचाता है। भारी विरोध और एफएमसी (फेडरेशन ऑफ मीडिया काउंसिल) द्वारा बैन की मांग के बाद मामला दिल्ली हाईकोर्ट तक पहुंचा।

दिल्ली हाईकोर्ट में हुई सुनवाई

फिल्म की रिलीज और स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई कि फिल्म का शीर्षक और प्रस्तावित कंटेंट साम्प्रदायिक रूप से आपत्तिजनक और भड़काऊ है।

सुनवाई के दौरान नेटफ्लिक्स ने कोर्ट को बताया कि विवाद को देखते हुए मेकर्स फिल्म का नाम बदलने के लिए तैयार हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि फिल्म से जुड़ा सारा प्रमोशनल मटीरियल पहले ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से हटा लिया गया है।

कोर्ट ने किया मामले का निपटारा

नेटफ्लिक्स की ओर से दी गई इस जानकारी को रिकॉर्ड पर लेते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि अब याचिका पर आगे किसी आदेश की आवश्यकता नहीं है। चूंकि मेकर्स फिल्म का टाइटल बदलने और प्रचार सामग्री हटाने पर सहमत हैं, इसलिए मामले को निपटा हुआ माना जाता है।

याचिका में यह भी कहा गया था कि ‘घूसखोर पंडित’ नाम हिंदू धार्मिक गुरुओं को बदनाम करता है और सामाजिक व साम्प्रदायिक तनाव पैदा कर सकता है। इसी आधार पर फिल्म की रिलीज और ऑनलाइन स्ट्रीमिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई थी।

Read More
Next Story