
3 साल 3 महीने में टूटी हंसिका की शादी, पति सोहेल कथूरिया से लिया तलाक
एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी और बिजनेसमैन सोहेल कथूरिया ने शादी के 3 साल 3 महीने बाद आपसी सहमति से तलाक ले लिया है.
टीवी और फिल्मों की जानी-मानी एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. अपनी खूबसूरती और स्टाइल के लिए मशहूर हंसिका की शादी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक हंसिका मोटवानी और उनके पति सोहेल कथूरिया ने शादी के करीब 3 साल 3 महीने बाद तलाक ले लिया है. इस खबर के सामने आने के बाद उनके फैंस काफी हैरान हो गए हैं. दोनों की शादी काफी धूमधाम से हुई थी और सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा रही थी.
आपसी सहमति से लिया तलाक
मिली जानकारी के मुताबिक, हंसिका मोटवानी और सोहेल कथूरिया ने आपसी सहमति से तलाक लेने का फैसला किया है. दोनों ने कोर्ट में बिना किसी शर्त के तलाक की याचिका दायर की थी. रिपोर्ट्स के अनुसार इस तलाक में एलिमनी (गुजारा भत्ता) की भी कोई मांग नहीं की गई है. यानी दोनों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी शादी खत्म करने का फैसला किया. हंसिका के वकील एडवोकेट अदनान के अनुसार, शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन धीरे-धीरे दोनों को यह महसूस होने लगा कि उनके व्यवहार और जीवनशैली में काफी अंतर है. इन मतभेदों के कारण दोनों के बीच समस्याएं बढ़ने लगीं. काफी सोच-विचार के बाद दोनों ने अलग होने का फैसला लिया और कोर्ट ने भी इस तलाक को मंजूरी दे दी.
2024 से अलग रह रहे थे दोनों
तलाक की याचिका में ये भी बताया गया कि हंसिका और सोहेल काफी समय से अलग रह रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों 2 जुलाई 2024 से ही अलग-अलग रह रहे थे. परिवार और दोस्तों ने कई बार दोनों को समझाने की कोशिश भी की. करीबी लोगों ने कपल से शादी को एक और मौका देने की सलाह दी, लेकिन कई कोशिशों के बाद भी दोनों के बीच सामंजस्य नहीं बन पायाय आखिरकार उन्होंने आपसी सहमति से तलाक लेने का फैसला किया.
2022 में हुई थी शाही शादी
हंसिका मोटवानी और सोहेल कथूरिया की शादी 4 दिसंबर 2022 को हुई थी. ये शादी राजस्थान के जयपुर के एक शाही महल में बड़े ही भव्य अंदाज में हुई थी. इस शादी में परिवार के करीबी लोग और कई फिल्मी सितारे शामिल हुए थे. शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे. उस समय हंसिका की शादी को लेकर फैंस काफी खुश थे और इस जोड़ी को खूब प्यार मिला था.
शादी को लेकर हुआ था विवाद
हालांकि हंसिका की शादी उस समय विवादों में भी आ गई थी. दरअसल, सोहेल कथूरिया पहले से शादीशुदा थे और उनकी पहली पत्नी रिंकी बजाज हंसिका की करीबी दोस्त बताई जाती हैं. इतना ही नहीं, हंसिका सोहेल और रिंकी की शादी में भी शामिल हुई थीं. उनकी उस शादी की तस्वीरें बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं. इसी वजह से सोशल मीडिया पर कई लोगों ने हंसिका पर अपनी दोस्त का घर तोड़ने का आरोप लगाया था. इस विवाद के चलते हंसिका को काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने उन्हें ‘होमब्रेकर’ तक कह दिया था. हालांकि उस समय हंसिका और सोहेल ने इन आरोपों पर ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं दी थी.
चाइल्ड आर्टिस्ट से स्टार तक का सफर
हंसिका मोटवानी ने अपने करियर की शुरुआत चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर की थी. उन्होंने कई टीवी सीरियल्स में काम किया और बहुत छोटी उम्र में ही लोकप्रियता हासिल कर ली थी. बाद में उन्होंने फिल्मों की ओर रुख किया. हंसिका ने हिमेश रेशमिया की फिल्म ‘आप का सुरूर’ से बॉलीवुड में बतौर लीड एक्ट्रेस डेब्यू किया था. हालांकि बॉलीवुड में उन्हें वैसी सफलता नहीं मिल पाई जिसकी उम्मीद थी, लेकिन साउथ फिल्म इंडस्ट्री में उन्होंने कई हिट फिल्में दीं और वहां काफी लोकप्रियता हासिल की.
पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रहती हैं हंसिका
पिछले कुछ समय से हंसिका मोटवानी अपनी फिल्मों से ज्यादा पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रहती हैं. उनकी शादी और उससे जुड़ी विवादों ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं. अब तलाक की खबर सामने आने के बाद एक बार फिर वह खबरों में आ गई हैं. हालांकि अभी तक हंसिका या सोहेल की तरफ से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. फैंस अब यही उम्मीद कर रहे हैं कि दोनों अपनी जिंदगी में आगे बढ़ें और अपने-अपने करियर पर ध्यान दें.

