
बॉलीवुड फिल्मों के ग्रैंड सेट कैसे बनते हैं? करोड़ों में होती है लागत
बॉलीवुड फिल्मों के भव्य सेट कैसे तैयार किए जाते हैं?
जब भी हम किसी बड़ी बॉलीवुड फिल्म को देखते हैं तो उसके शानदार महल, विशाल दरबार, पुराने शहरों की गलियां और राजसी महलों जैसे सेट देखकर हैरान रह जाते हैं. कई बार ये सेट इतने असली लगते हैं कि दर्शकों को लगता है जैसे फिल्म की शूटिंग किसी असली ऐतिहासिक जगह पर हुई हो, लेकिन असल में इन भव्य लोकेशन्स का बड़ा हिस्सा स्टूडियो में बनाए गए सेट होते हैं. इन्हें बनाने के पीछे महीनों की मेहनत और करोड़ों रुपये खर्च होते हैं. आइए जानते हैं कि फिल्मों के ये ग्रैंड सेट आखिर कैसे तैयार किए जाते हैं और बॉलीवुड के सबसे महंगे सेट कौन-कौन से रहे हैं.
कैसे बनते हैं फिल्मों के ग्रैंड सेट
किसी भी फिल्म का सेट बनाने की जिम्मेदारी प्रोडक्शन डिजाइनर और आर्ट डायरेक्टर की होती है. सबसे पहले डायरेक्टर अपनी फिल्म की कहानी और विजन उनके साथ साझा करता है. इसके बाद सेट का ब्लूप्रिंट यानी पूरा डिजाइन तैयार किया जाता है. इस डिजाइन में ये तय किया जाता है कि सेट कैसा दिखेगा, उसकी ऊंचाई कितनी होगी, किस तरह की सजावट होगी और कैमरे में वो कैसा दिखाई देगा. सेट बनाने के लिए आमतौर पर लकड़ी, फाइबर, प्लास्टर और कई खास मटेरियल का इस्तेमाल किया जाता है. इन मटेरियल्स की मदद से बड़े-बड़े महल, मंदिर, बाजार या किले जैसे सेट तैयार किए जाते हैं.
इसके बाद कई कारीगर और तकनीशियन मिलकर इस डिजाइन को असल रूप देते हैं. कई बार इन सेट्स को बनाने में कई हफ्ते या महीनों का समय लग जाता है. फिल्मों के सेट को असली दिखाने के लिए छोटे-छोटे डिटेल्स पर खास ध्यान दिया जाता है. जैसे दीवारों की पेंटिंग, पुराने जमाने के दरवाजे, फर्नीचर, झूमर और सजावट. इसके अलावा कैमरा एंगल और लाइटिंग भी इस तरह से सेट की जाती है कि दर्शकों को सब कुछ असली लगे. कई बार किसी फिल्म का सेट इतना शानदार बन जाता है कि बाद में उसी सेट पर दूसरी फिल्मों या टीवी शो की शूटिंग भी होने लगती है. कुछ सेट इतने मशहूर हो जाते हैं कि लोग उन्हें देखने के लिए पर्यटन स्थल की तरह भी जाते हैं.
बॉलीवुड में सबसे ग्रैंड सेट बनाने वाले निर्देशक
अगर बॉलीवुड में सबसे भव्य सेट बनाने वाले निर्देशक की बात करें तो संजय लीला भंसाली का नाम सबसे ऊपर आता है. उनकी फिल्मों में भव्यता और शानदार सेट्स की खास पहचान होती है. भंसाली अपनी फिल्मों के सेट पर करोड़ों रुपये खर्च करने से भी पीछे नहीं हटते. यही वजह है कि उनकी कई फिल्में इस सूची में शामिल हैं. अब बात करते हैं बॉलीवुड के कुछ ऐसे फिल्मों के सेट की, जिन पर सबसे ज्यादा पैसा खर्च किया गया.
बाजीराव मस्तानी
फिल्म बाजीराव मस्तानी का निर्देशन संजय लीला भंसाली ने किया था. इस फिल्म में रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा मुख्य भूमिका में थे. इस फिल्म के भव्य महल और दरबार के सेट बनाने में लगभग 145 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, जो बॉलीवुड के सबसे महंगे सेट्स में से एक माना जाता है.
देवदास
भंसाली की ही फिल्म देवदास भी अपने शानदार सेट के लिए जानी जाती है. इस फिल्म में शाहरुख खान, ऐश्वर्या राय और माधुरी दीक्षित नजर आए थे. रिपोर्ट्स के अनुसार इस फिल्म के सेट पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च हुए थे. इसमें से करीब 12 करोड़ रुपये सिर्फ चंद्रमुखी के कोठे का सेट बनाने में लगाए गए थे.
प्रेम रतन धन पायो
फिल्म प्रेम रतन धन पायो में भी रॉयल लुक वाले सेट बनाए गए थे. इसमें सलमान खान और सोनम कपूर मुख्य भूमिका में थे. इस फिल्म की कहानी एक राजघराने से जुड़ी थी, इसलिए इसके महल जैसे सेट तैयार किए गए. बताया जाता है कि इस सेट को बनाने में करीब 13 से 15 करोड़ रुपये खर्च हुए थे.
जोधा अकबर
ऐतिहासिक फिल्म जोधा अकबर में भी शानदार महल और दरबार के सेट बनाए गए थे. इसमें ऋतिक रोशन और ऐश्वर्या राय मुख्य भूमिकाओं में थे. फिल्म के सेट को तैयार करने में लगभग 12 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे.
कलंक
फिल्म कलंक भी अपने बड़े और खूबसूरत सेट्स के लिए जानी जाती है. इस फिल्म में वरुण धवन, आलिया भट्ट, माधुरी दीक्षित, सोनाक्षी सिन्हा और आदित्य रॉय कपूर नजर आए थे. बताया जाता है कि इस फिल्म के सेट को बनाने में करीब 15 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे.
क्यों जरूरी होते हैं ग्रैंड सेट?
बड़े और शानदार सेट किसी फिल्म को ज्यादा प्रभावशाली और यादगार बनाते हैं. खासकर ऐतिहासिक और पीरियड फिल्मों में सेट का रोल बेहद महत्वपूर्ण होता है. इन्हीं सेट्स की वजह से दर्शक उस दौर और माहौल को महसूस कर पाते हैं. यही कारण है कि कई फिल्ममेकर अपनी फिल्मों के सेट पर करोड़ों रुपये खर्च करने से भी नहीं हिचकते.

