March में बॉक्स ऑफिस धमाका, April में भी जारी रहेगा सिनेमा का जलवा!
x

March में बॉक्स ऑफिस धमाका, April में भी जारी रहेगा सिनेमा का जलवा!

मार्च 2026 में धुरंधर 2 और टॉक्सिक जैसी बड़ी फिल्मों की टक्कर के बाद अप्रैल में आवारापन 2, भूत बंगला, बैटल ऑफ गलवान और पेद्दी जैसी कई बड़ी फिल्में रिलीज़ होंगी.


साल 2026 का मार्च महीना बॉलीवुड के लिए बेहद खास होने वाला है. इस महीने दो बड़ी फिल्मों की सीधी टक्कर होने जा रही है. 19 मार्च को एक साथ दो बिग बजट फिल्में रिलीज़ होंगी. Dhurandhar 2 और Toxic इन दोनों फिल्मों को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है. एक तरफ रणवीर सिंह की एक्शन से भरपूर फिल्म है, तो दूसरी तरफ केजीएफ स्टार यश की पैन इंडिया फिल्म. मीडिया रिपोर्ट का मानना है कि मार्च में बॉक्स ऑफिस पर पैसों की बारिश होने वाली है. लेकिन सवाल ये है कि क्या मार्च के बाद अप्रैल का महीना फिल्मों के लिहाज से शांत रहेगा? या फिर अप्रैल भी मनोरंजन से भरपूर होगा? आइए जानते हैं अप्रैल 2026 की पूरी फिल्मी लिस्ट.

‘आवारापन 2’ से होगी अप्रैल की शुरुआत

अप्रैल महीने की शुरुआत होगी इमरान हाशमी की फिल्म Awaraapan 2 से. ये फिल्म 3 अप्रैल 2026 को रिलीज़ होगी. ‘आवारापन’ इमरान हाशमी की सबसे पसंद की जाने वाली फिल्मों में से एक रही है. ऐसे में इसके सीक्वल को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है. इस फिल्म को विशेष भट्ट प्रोड्यूस कर रहे हैं और निर्देशन नितिन कक्कड़ कर रहे हैं. ये फिल्म पुराने दौर की यादें ताज़ा करेगी और इमोशनल कहानी के साथ दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सकती है.

अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’

10 अप्रैल को रिलीज़ होगी अक्षय कुमार की फिल्म Bhooth Bangla. इस फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन कर रहे हैं, जो कॉमेडी फिल्मों के लिए मशहूर हैं. अक्षय कुमार के साथ इस फिल्म में वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू, मिथिला पालकर और राजपाल यादव जैसे कलाकार नजर आएंगे. हॉरर और कॉमेडी का तड़का दर्शकों को खूब पसंद आ सकता है. अगर फिल्म की कहानी मजबूत रही तो यह अप्रैल की बड़ी हिट साबित हो सकती है.

‘डकैत: एक प्रेम कथा’ भी 10 अप्रैल को

इसी दिन रिलीज़ होगी अदिवि शेष और मृणाल ठाकुर की फिल्म Daku: Ek Prem Katha. इस फिल्म की रिलीज डेट पहले दो बार बदली जा चुकी है. पहले यह 2025 में आने वाली थी, लेकिन शूटिंग में देरी और बड़े क्लैश के कारण इसे आगे बढ़ाया गया. अब ये 10 अप्रैल 2026 को रिलीज़ होगी. फिल्म में प्रकाश राज और अनुराग कश्यप भी अहम भूमिकाओं में हैं. ये फिल्म हिंदी और तेलुगू दोनों भाषाओं में रिलीज़ होगी.

सलमान खान की ‘बैटल ऑफ गलवान’

अप्रैल की सबसे बड़ी फिल्म मानी जा रही है सलमान खान की Battle of Galwan. ये फिल्म भारत और चीन के सैनिकों के बीच गलवान घाटी में हुई झड़प पर आधारित है. इसका निर्देशन अपूर्वा लाखिया कर रहे हैं। फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में हैं. हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ सकती है, लेकिन फिलहाल इसे अप्रैल की रिलीज़ लिस्ट में ही शामिल माना जा रहा है. देशभक्ति से भरपूर यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर सकती है.

‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ – 24 अप्रैल

24 अप्रैल को रिलीज़ होगी Ginny Weds Sunny 2. इस फिल्म में अविनाश तिवारी और मेधा शंकर मुख्य भूमिकाओं में हैं. फिल्म का निर्देशन प्रशांत झा ने किया है. ये एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है. हालांकि ये छोटे बजट की फिल्म है, लेकिन अच्छी कहानी और संगीत के दम पर दर्शकों का दिल जीत सकती है.

महीने के अंत में राम चरण की ‘पेद्दी’

अप्रैल का अंत होगा एक बड़ी पैन इंडिया फिल्म के साथ Peddi. ये फिल्म 30 अप्रैल को रिलीज़ होगी. इसमें ‘आरआरआर’ फेम राम चरण मुख्य भूमिका में हैं और उनके साथ जान्हवी कपूर नजर आएंगी. फिल्म का निर्देशन बुची बाबू सना कर रहे हैं और संगीत एआर रहमान ने दिया है. ये फिल्म तेलुगू के साथ हिंदी समेत कई भाषाओं में रिलीज़ होगी. बड़े स्टार्स और बड़े बजट की वजह से यह फिल्म अप्रैल के आखिर में बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर सकती है.

कुल मिलाकर, मार्च में ‘धुरंधर 2’ और ‘टॉक्सिक’ की टक्कर से बॉक्स ऑफिस गरम रहेगा. लेकिन अप्रैल भी किसी मामले में पीछे नहीं है. ‘आवारापन 2’ से लेकर ‘बैटल ऑफ गलवान’ और ‘पेद्दी’ जैसी बड़ी फिल्मों तक, दर्शकों के लिए हर हफ्ते कुछ नया और बड़ा देखने को मिलेगा. यानी साफ है कि 2026 की गर्मियां सिनेमा प्रेमियों के लिए बेहद खास रहने वाली हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बाज़ी मारती है और कौन बनती है साल की सबसे बड़ी हिट.

Read More
Next Story