
सलमान खान के साथ दिखेंगी नयनतारा, नई पैन इंडिया फिल्म का ऐलान
सलमान खान की नई पैन इंडिया फिल्म में साउथ की लेडी सुपरस्टार नयनतारा उनकी हीरोइन होंगी. फिल्म का निर्देशन वामशी पेदीपल्ली करेंगे और इसकी शूटिंग जल्द शुरू होने वाली है.
बॉलीवुड के सुपरस्टार Salman Khan इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्मों को लेकर लगातार चर्चा में हैं. हाल ही में उनकी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर खबरें सामने आई थीं. इसी बीच अब सलमान खान की एक और नई फिल्म का ऐलान हो गया है. इस नई फिल्म की खास बात ये है कि ये एक पैन इंडिया प्रोजेक्ट होगा और इसमें सलमान खान के साथ साउथ की मशहूर एक्ट्रेस Nayanthara नजर आएंगी. नयनतारा को साउथ फिल्म इंडस्ट्री में “लेडी सुपरस्टार” के नाम से जाना जाता है. फिल्म के ऐलान के बाद से ही सलमान खान और नयनतारा की जोड़ी को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है.
सलमान खान की फिल्म में नयनतारा की एंट्री
इस फिल्म का निर्देशन मशहूर निर्देशक Vamshi Paidipally करने वाले हैं. ये पहली बार होगा जब वामशी पेदीपल्ली और सलमान खान साथ काम करेंगे. फिल्म को प्रोड्यूस करने वाली कंपनी Sri Venkateswara Creations ने सोशल मीडिया पर नयनतारा को फिल्म की लीडिंग लेडी के तौर पर ऑफिशियली अनाउंस किया. मेकर्स ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि इस खास प्रोजेक्ट के लिए नयनतारा का टीम में शामिल होना उनके लिए सम्मान की बात है. इसके साथ ही उन्होंने सलमान खान और नयनतारा की एक तस्वीर भी शेयर की, जिसे फैंस ने काफी पसंद किया.
शाहरुख खान के साथ कर चुकी हैं काम
अगर नयनतारा के बॉलीवुड करियर की बात करें तो उन्होंने साल 2023 में फिल्म Jawan से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था. इस फिल्म में उनके साथ बॉलीवुड के किंग Shah Rukh Khan नजर आए थे. ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट साबित हुई थी और दुनिया भर में करीब 1100 करोड़ रुपये की कमाई की थी. फिल्म में नयनतारा के किरदार और उनकी एक्टिंग को दर्शकों ने काफी पसंद किया था. अब शाहरुख खान के बाद नयनतारा पहली बार सलमान खान के साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगी. ऐसे में दर्शकों को इस नई जोड़ी से काफी उम्मीदें हैं.
नेशनल अवॉर्ड जीत चुके हैं वामशी पेदीपल्ली
इस फिल्म के निर्देशक Vamshi Paidipally साउथ फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने फिल्ममेकर हैं. उन्हें खास तौर पर मैसेज देने वाली मास फिल्मों के लिए जाना जाता है. वामशी पेदीपल्ली को Mahesh Babu की फिल्म Maharshi के लिए नेशनल अवॉर्ड भी मिल चुका है. अब पहली बार वो सलमान खान के साथ काम करने जा रहे हैं. इस खबर के सामने आते ही फैंस में इस फिल्म को लेकर काफी उत्साह बढ़ गया है. बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग इसी महीने से शुरू हो सकती है.
सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ भी चर्चा में
सलमान खान की एक और फिल्म Matrubhoomi: May War Rest in Peace भी जल्द रिलीज होने वाली है. इस फिल्म का निर्देशन Apoorva Lakhia ने किया है. फिल्म में सलमान खान के साथ अभिनेत्री Chitrangada Singh नजर आएंगी. दिलचस्प बात ये है कि इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था. ये फिल्म साल 2020 में हुए भारत-चीन सीमा संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित है.
फैंस को नई जोड़ी से उम्मीदें
सलमान खान और नयनतारा दोनों ही अपनी-अपनी इंडस्ट्री के बड़े सितारे हैं. ऐसे में जब ये दोनों पहली बार किसी फिल्म में साथ नजर आएंगे, तो दर्शकों की उम्मीदें भी काफी ज्यादा होंगी. पैन इंडिया स्तर पर बनने वाली इस फिल्म में एक्शन, ड्रामा और बड़े स्तर का मनोरंजन देखने को मिल सकता है. अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या सलमान खान और नयनतारा की ये नई जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर भी वही कमाल कर पाएगी, जो नयनतारा ने शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘जवान’ में किया था. फिलहाल फैंस को इस फिल्म से जुड़ी और बड़ी अपडेट का इंतजार है.

