
Pushpa 2 : हैदराबाद में अल्लू अर्जुन के घर पर प्रदर्शन और तोड़फोड़
प्रदर्शनकारियों के द्वारा छोड़ी गयी एक तख्ती पर लिखा था कि फिल्म निर्माण से करोड़ों रुपए कमाए जा रहे हैं, जबकि फिल्म देखने वाले मर रहे हैं।
Pushpa 2 Allu Arjun Home Vandalised : सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2: द रूल' के प्रीमियर के दौरान हुई भगदड़ में एक महिला की मौत के बाद विवाद गहराता जा रहा है। रविवार को कुछ प्रदर्शनकारियों ने हैदराबाद स्थित उनके घर के बाहर प्रदर्शन करते हुए तोड़फोड़ को अंजाम दिया। अल्लू अर्जुन के विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों ने उनके घर पर टमाटर भी फेंके गए। प्रदर्शनकारियों ने मृत महिला के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आक्रोश
अल्लू अर्जुन के घर पर प्रदर्शन करने वाले लोग ओस्मानिया विश्वविद्यालय से हैं। ओस्मानिया विश्विद्यालय ज्वाइंट एक्शन कमिटी (जेएसी) के सदस्यों ने अल्लू अर्जुन के घर पर प्रदर्शन करते हुए मुआवजे की मांग की। उनका कहना है कि अभिनेता और आयोजकों को इस हादसे की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
सुरक्षा बढ़ाई गई
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ते हुए अल्लू अर्जुन के घर की सुरक्षा कड़ी कर दी है। हालांकि, विरोध प्रदर्शन के कारण घटना ने राज्य में राजनीतिक और सामाजिक चर्चा को हवा दे दी है।
घटना कैसे हुई?
ज्ञात रहे कि 4 दिसंबर को हैदराबाद के संध्या थिएटर में फिल्म के प्रीमियर के दौरान भारी भीड़ जमा हो गई। अल्लू अर्जुन द्वारा अपनी कार के सनरूफ से प्रशंसकों का अभिवादन करने के बाद भगदड़ मच गई। इस हादसे में रेवती नामक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका 8 साल का बेटा अब भी कोमा में है और अस्पताल में भर्ती है।
अधिकारियों की प्रतिक्रिया और अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने विधानसभा में कहा कि पुलिस द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद प्रीमियर आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान अल्लू अर्जुन ने सिनेमा हॉल छोड़ने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें वहां से निकाला। पुलिस ने अभिनेता को गिरफ्तार किया था, लेकिन अगले ही दिन तेलंगाना हाई कोर्ट ने उन्हें 50,000 रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी।
अल्लू अर्जुन की सफाई
इस घटना पर अल्लू अर्जुन ने इसे "दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना" बताया। उन्होंने कहा, "यह बहुत दुखद है। मेरे विचार मृतक महिला और उसके परिवार के साथ हैं। मैं घायल बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा हूं। कई झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन मैं किसी को दोष नहीं देना चाहता।"
अगले कदम पर नजर
अब यह देखना होगा कि इस मुद्दे पर जिस तरह से राजनीती शुरू हुई है और खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अल्लू अर्जुन पर की गयी कार्रवाई पर जानकारी देते हुए पुलिस कार्रवाई की हिमायत ली है, तो ऐसे में ये महत्वपूर्ण है कि सरकार और अभिनेता इस विवाद का समाधान कैसे करते हैं। साथ ही, घायल बच्चे की स्थिति पर भी सभी की नजरें टिकी हैं।
(शीर्षक को छोड़कर, इस कहानी को फेडरल स्टाफ द्वारा संपादित नहीं किया गया है और एक सिंडिकेटेड फीड से स्वतः प्रकाशित किया गया है।)
Next Story