‘राज़ी’ का सीक्वल बनेगा? यामी गौतम का नाम आते ही चर्चा तेज
x

‘राज़ी’ का सीक्वल बनेगा? यामी गौतम का नाम आते ही चर्चा तेज

आलिया भट्ट की सुपरहिट फिल्म ‘राज़ी’ के सीक्वल को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है. क्या इस बार फिल्म में यामी गौतम नजर आएंगी?


बॉलीवुड की सुपरहिट स्पाई फिल्म ‘राज़ी’ एक बार फिर चर्चा में आ गई है. वजह है फिल्म के सीक्वल को लेकर उठी नई अफवाहें. सोशल मीडिया पर ऐसी चर्चा शुरू हो गई है कि अगर ‘राज़ी 2’ बनती है तो इसमें आलिया भट्ट की जगह यामी गौतम नजर आ सकती हैं. हालांकि अभी तक इस खबर की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एक ट्वीट से शुरू हुई यह चर्चा अब तेजी से फैल रही है. आइए जानते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है.

2018 में आई थी सुपरहिट फिल्म ‘राज़ी’

साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म ‘राज़ी’ एक स्पाई थ्रिलर थी, जिसने दर्शकों और समीक्षकों दोनों का दिल जीत लिया था. इस फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया था और इसे करण जौहर ने प्रोड्यूस किया था. फिल्म में आलिया भट्ट, विकी कौशल और जयदीप अहलावत जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं. ‘राज़ी’ की कहानी लेखक हरिंदर सिक्का के उपन्यास “Calling Sehmat” पर आधारित थी. ये कहानी एक भारतीय जासूस की थी, जिसे देश की सुरक्षा के लिए पाकिस्तान भेजा जाता है. फिल्म में आलिया भट्ट ने ‘सहमत’ नाम की जासूस का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया था.

लेखक ने जताई नाराजगी

अब कई साल बाद लेखक हरिंदर सिक्का ने फिल्म को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है. उनका कहना है कि फिल्म में कहानी और किरदारों को जिस तरह दिखाया गया, वो उन्हें पूरी तरह पसंद नहीं आया. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ट्वीट ने नई चर्चा को जन्म दे दिया. दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर एक यूजर ने हरिंदर सिक्का को टैग करते हुए लिखा कि फिल्म को फिर से बनाया जाना चाहिए. यूजर ने अपने ट्वीट में लिखा, सर, चलिए इसे फिर से बनाते हैं. यामी गौतम इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए पूरी तरह सक्षम एक्ट्रेस हैं. कहानी बिना किसी बदलाव या भेदभाव के लोगों तक पहुंचनी चाहिए. हम इसके लिए GoFundMe कैंपेन भी सपोर्ट करेंगे. इस ट्वीट पर हरिंदर सिक्का ने जवाब दिया, जिससे चर्चा और तेज हो गई

हरिंदर सिक्का का जवाब

हरिंदर सिक्का ने ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, मुझे पैसों की जरूरत नहीं है. आप मेरा बैकग्राउंड चेक कर सकते हैं, लेकिन आपके ऑफर के लिए धन्यवाद। यामी एक शानदार एक्टर हैं और उनका बेस्ट अभी आना बाकी है. उनका ये जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. इसके बाद एक और यूजर ने पूछा कि क्या इसका मतलब है कि फिल्म का रीमेक या सीक्वल बनने वाला है. इस पर लेखक ने सिर्फ इतना कहा, No comments. बस यहीं से अफवाहों का बाजार गर्म हो गया.

क्या सच में बनेगा ‘राज़ी 2’?

फिलहाल ये साफ नहीं है कि ‘राज़ी’ का सीक्वल बनेगा या नहीं. न ही यह तय है कि अगर फिल्म बनेगी तो उसमें कौन सा कलाकार मुख्य भूमिका निभाएगा, लेकिन लेखक के इन बयानों के बाद फैंस के बीच उम्मीद जरूर बढ़ गई है कि शायद कहानी को नए तरीके से फिर से पेश किया जाए.

सोशल मीडिया पर लेखक का एक और पोस्ट

हरिंदर सिक्का ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी कई किताबों की तस्वीर भी शेयर की. इनमें “Calling Sehmat”, “The Spy Chronicles”, “Mission Overseas”, “An Indian Spy in Pakistan” और अन्य किताबें शामिल थीं. इस पोस्ट में उन्होंने लिखा कि, Calling Sehmat दुनिया की उन टॉप किताबों में से एक है जो ‘राज़ी’ स्पाई की कहानी बताती है. ये किताब पाकिस्तान, आतंकवाद और कई छिपे सच को उजागर करती है. उन्होंने ये भी कहा कि फिल्म के निर्देशन के लिए मेघना गुलजार को चुनना उनकी सबसे बड़ी गलती थी. उनके इस बयान ने भी काफी चर्चा पैदा कर दी है.

फिलहाल सिर्फ अफवाह

इन सभी बातों के बावजूद अभी तक यह साफ नहीं है कि ‘राज़ी 2’ सच में बनने जा रही है या नहीं. ना तो फिल्म के प्रोड्यूसर और ना ही किसी अभिनेता की तरफ से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान आया है. इसलिए फिलहाल इसे सिर्फ सोशल मीडिया पर चल रही अफवाह ही माना जा रहा है. हालांकि अगर भविष्य में ‘राज़ी’ का सीक्वल बनता है, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म में आलिया भट्ट की वापसी होती है या फिर कहानी किसी नए चेहरे के साथ आगे बढ़ती है. फिलहाल फैंस इस खबर के सच होने का इंतजार कर रहे हैं.

Read More
Next Story