
जेल गए राजपाल यादव, जमानत खारिज! बॉलीवुड बना सहारा, पत्नी ने जताया आभार
चेक बाउंस केस में राजपाल यादव की जमानत याचिका खारिज हो गई है. तिहाड़ जेल में बंद एक्टर को सलमान खान, सोनू सूद, अजय देवगन समेत कई सितारों का समर्थन मिला है.
बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव इस समय अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद गुरुवार को उन्होंने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था. शुक्रवार को उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई हुई, लेकिन कोर्ट ने उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया. कोर्ट ने साफ शब्दों में कहा कि आप जेल इसलिए गए हैं क्योंकि आपने अपना वादा पूरा नहीं किया. कोर्ट के मुताबिक, राजपाल यादव ने पहले कई बार भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन तय समय पर रकम नहीं चुका पाए. इसी वजह से कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है. अब इस मामले में अगली सुनवाई सोमवार को होगी.
तिहाड़ जेल में बंद हैं राजपाल यादव
राजपाल यादव इस समय तिहाड़ जेल में बंद हैं और बताया जा रहा है कि वो गंभीर आर्थिक तंगी से भी जूझ रहे हैं. उनके पास इतनी बड़ी रकम चुकाने के लिए फिलहाल पर्याप्त पैसे नहीं हैं. यही वजह है कि अब बॉलीवुड इंडस्ट्री से कई बड़े सितारे उनकी मदद के लिए आगे आए हैं. सलमान खान, सोनू सूद, अजय देवगन, वरुण धवन और मीका सिंह जैसे सेलेब्स ने राजपाल यादव को आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया है. इंडस्ट्री में इस मुश्किल घड़ी में राजपाल को जबरदस्त समर्थन मिल रहा है.
पत्नी राधा यादव ने जताया आभार
राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव ने भी सभी मदद करने वालों का शुक्रिया अदा किया है. बातचीत में राधा यादव ने कहा, सबने उनका साथ दिया है. इंडस्ट्री ने बहुत सपोर्ट किया है. जो भी लोग आगे आकर मदद कर रहे हैं, उन सबको बहुत-बहुत धन्यवाद. राधा यादव का कहना है कि इस मुश्किल समय में जिस तरह से फिल्म इंडस्ट्री उनके साथ खड़ी हुई है, उससे उन्हें हिम्मत मिली है.
सबसे पहले सोनू सूद ने बढ़ाया मदद का हाथ
राजपाल यादव की मदद के लिए सबसे पहले सोनू सूद आगे आए. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर एक भावुक संदेश लिखा. सोनू सूद ने लिखा कि राजपाल यादव एक बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता हैं, जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को कई यादगार फिल्में दी हैं. उन्होंने ये भी कहा कि कभी-कभी जिंदगी अन्यायपूर्ण हो जाती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसी में टैलेंट की कमी है. सोनू सूद ने यह भी साफ किया कि वो राजपाल यादव को अपनी फिल्म में कास्ट करेंगे और जो साइनिंग अमाउंट दिया जाएगा, वह कोई दान नहीं बल्कि उनके सम्मान और गरिमा का प्रतीक होगा.
सलमान, अजय और वरुण धवन भी आगे आए
राजपाल यादव के मैनेजर गोल्डी ने बताया कि बुधवार को सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन और डेविड धवन जैसे कई सेलेब्स ने उनसे संपर्क किया और आर्थिक सहायता दी. गोल्डी ने कहा कि कई लोग आगे आए हैं और सभी ने मदद का भरोसा दिलाया है. हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि इस तरह के लेन-देन तुरंत नहीं होते, लेकिन अच्छी बात ये है कि स्थिति बिगड़ने के बाद इंडस्ट्री मजबूती से राजपाल यादव के साथ खड़ी है.
मीका सिंह ने 11 लाख की मदद का ऐलान
सिंगर मीका सिंह ने भी राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आते हुए 11 लाख रुपए देने का ऐलान किया है. मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर कहा कि सिर्फ सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने से कुछ नहीं होगा, बल्कि आगे आकर एक्टर की असली मदद करनी चाहिए. मीका सिंह के इस कदम की सोशल मीडिया पर काफी तारीफ हो रही है और लोग इसे एक पॉजिटिव उदाहरण मान रहे हैं.
FWICE ने की प्रोड्यूसर्स से अपील
FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) ने भी इस मामले में हस्तक्षेप किया है. फेडरेशन ने सभी प्रोड्यूसर्स से अपील की है कि वे राजपाल यादव की जल्द से जल्द मदद करें. FWICE की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि राजपाल यादव सिर्फ एक प्रसिद्ध अभिनेता ही नहीं, बल्कि इंडस्ट्री के एक समर्पित सदस्य भी हैं, जिन्होंने दशकों तक मेहनत कर भारतीय सिनेमा में बड़ा योगदान दिया है. फेडरेशन ने ये भी कहा कि ये स्थिति उनके चरित्र या ईमानदारी को नहीं दर्शाती, बल्कि उन हालात का नतीजा है जो उनके नियंत्रण से बाहर हो गए.
गुरमीत चौधरी ने भी जताया समर्थन
एक्टर गुरमीत चौधरी ने भी सोशल मीडिया पर राजपाल यादव के समर्थन में पोस्ट किया. उन्होंने लिखा कि इतने सीनियर और प्रतिभाशाली कलाकार को इस मुश्किल दौर से गुजरते देखना बेहद दुखद है. उन्होंने कहा कि राजपाल यादव ने दर्शकों को अनगिनत हंसी और खुशियां दी हैं और अब इंडस्ट्री को उनके साथ खड़ा होना चाहिए.
क्यों जेल में बंद हैं राजपाल यादव?
दरअसल, साल 2010 में राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए प्राइवेट कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से करीब 5 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था. ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही और इसके बाद राजपाल यादव आर्थिक संकट में फंस गए. वो समय पर कर्ज की रकम नहीं चुका पाए. लोन लेते समय दिए गए चेक बाउंस हो गए, जिसके बाद उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया. दोनों पार्टियों के बीच समझौते के बावजूद पूरी पेमेंट नहीं हो पाई और समय के साथ ब्याज जुड़ता गया, जिससे कुल देनदारी काफी बढ़ गई.
साल 2018 में दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने राजपाल यादव को दोषी ठहराया और उन्हें छह महीने की जेल की सजा सुनाई गई. इसके बाद उन्होंने ऊपरी अदालत में अपील की, जहां उन्हें कई बार राहत मिली, क्योंकि उन्होंने भुगतान का भरोसा दिया था. लेकिन अब कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है. अब सभी की नजरें सोमवार की अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि राजपाल यादव को कोई राहत मिलती है या नहीं. इस बीच बॉलीवुड इंडस्ट्री का समर्थन उनके लिए एक बड़ी उम्मीद बनकर सामने आया है.

