अपनी शादी के लिए उदयपुर पहुंचे रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा, समारोह में नो फोन पॉलिसी
x
रिपोर्ट्स के मुताबिक रश्मिका और विजय 3 और 4 मार्च को हैदराबाद में रिसेप्शन आयोजित करेंगे

अपनी शादी के लिए उदयपुर पहुंचे रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा, समारोह में 'नो फोन पॉलिसी'

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने 3 अक्टूबर को हैदराबाद में निजी समारोह में सगाई की थी। सगाई में केवल परिवार के सदस्य शामिल हुए थे।


दक्षिण भारतीय फिल्मों के चर्चित स्टार विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना सोमवार को अपनी शादी के लिए उदयपुर पहुंचे। दोनों अलग-अलग फ्लाइट से डबोक एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से सीधे उदयपुर-नाथद्वारा हाईवे स्थित कैलाशपुरी के ITC Mementos के लिए रवाना हो गए। 26 फरवरी को ये हाई-प्रोफाइल शादी यहीं होगी।

24 से 26 फरवरी तक होटल बुक

मीडिया रिपोर्ट्स बता रही हैं कि होटल की बुकिंग 24 से 26 फरवरी तक के लिए की गई है। शादी में करीब 230 मेहमानों के शामिल होने की जानकारी है। मेहमान 24 फरवरी को होटल में चेक-इन करेंगे। समारोह को निजी रखा गया है।

सोमवार सुबह करीब 10 बजे रश्मिका मंदाना एयरपोर्ट पहुंचीं, जबकि लगभग 15 मिनट बाद विजय देवरकोंडा भी पहुंचे। रश्मिका ब्लू सूट और काले चश्मे में नजर आईं, वहीं विजय ब्लैक जैकेट में दिखे। दोनों एयरपोर्ट से साथ में होटल के लिए रवाना हुए।

हैदराबाद में होगा रिसेप्शन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 3 और 4 मार्च को हैदराबाद में रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। यह समारोह हैदराबाद या बंजारा हिल्स की किसी प्रीमियम लोकेशन पर हो सकता है।

शादी में ‘नो फोन पॉलिसी’

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शादी पूरी तरह निजी समारोह होगी, जिसमें केवल परिवार और करीबी लोग शामिल होंगे। समारोह में ‘नो फोन पॉलिसी’ लागू रहेगी, ताकि अंदर की तस्वीरें या वीडियो लीक न हों। सुरक्षा के लिए एक बड़ी सिक्योरिटी एजेंसी भी तैनात की गई है।

बताया जा रहा है कि शादी के लिए दिल्ली के एक लोकप्रिय बैंड को हायर किया गया है, जिसने पहले भी कई सेलिब्रिटी शादियों में प्रस्तुति दी है। वेडिंग प्लानर हैदराबाद से हैं और वे पहले भी एक प्रसिद्ध टेनिस खिलाड़ी की शादी आयोजित कर चुके हैं।

अक्टूबर में हुई थी सगाई

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने 3 अक्टूबर को हैदराबाद में निजी समारोह में सगाई की थी। सगाई में केवल परिवार के सदस्य शामिल हुए थे। इसके बाद रश्मिका कई मौकों पर अपनी इंगेजमेंट रिंग के साथ नजर आईं।

हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वेडिंग कार्ड भी वायरल हुआ था, जिसमें लिखा गया कि परिवार के आशीर्वाद से दोनों 26 फरवरी को एक छोटे और निजी समारोह में विवाह करेंगे।

उदयपुर में होने वाली इस हाई-प्रोफाइल शादी को लेकर फैंस के बीच उत्साह बना हुआ है।

Read More
Next Story