
Rohit Shetty फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, हथियार हुए बरामद
रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हरियाणा से हथियार बरामद हुआ है और अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं.
बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर Rohit Shetty के घर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है. इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच कर रही पुलिस टीम हरियाणा पहुंची और वहां से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया गया है. बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी फरारी के दौरान पिस्तौल को हरियाणा के एक गुप्त ठिकाने पर छिपाकर रखे हुए था. पुलिस को इस बरामदगी से मामले में बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है.
फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया हथियार
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद की गई बंदूक को तुरंत फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) कलीना भेज दिया गया है. अब इस केस की दिशा काफी हद तक बैलिस्टिक रिपोर्ट पर निर्भर करेगी. लैब में विशेषज्ञ ये जांच करेंगे कि इस हथियार से चली गोलियों के निशान घटना स्थल से मिले सबूतों से मेल खाते हैं या नहीं. अगर रिपोर्ट सकारात्मक आती है, तो ये अदालत में आरोपियों के खिलाफ सबसे मजबूत सबूत साबित हो सकता है.
12 आरोपी गिरफ्तार, मकोका का शिकंजा
इस सनसनीखेज मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. शुरुआत में पकड़े गए पांच आरोपियों पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम यानी MCOCA भी लगाया गया है. इन आरोपियों में आदित्य गायकी, सिद्धार्थ येनपुरे, समर्थ पोमाजी, स्वप्निल साकट और आसाराम फसले शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, आसाराम फसले उर्फ बाबू इस साजिश में मुख्य हथियार सप्लायर था.
3 लाख में तय हुई थी डील
जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं. बताया गया है कि मुख्य शूटर दीपक चंद्रा को इस वारदात को अंजाम देने के लिए 3 लाख रुपये का लालच दिया गया था. डील पक्की होने के बाद उसे 50 हजार रुपये एडवांस के तौर पर भी दिए गए थे. पुलिस को शक है कि आरोपी किसी बड़े गैंग से प्रेरित थे और सोशल मीडिया के जरिए अपनी दहशत फैलाना चाहते थे.
क्या किसी बड़े गैंग का है हाथ?
मुंबई क्राइम ब्रांच अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि इस साजिश के पीछे कोई बड़ा अंडरवर्ल्ड नेटवर्क तो नहीं है. हरियाणा से हथियार मिलने के बाद जांच एजेंसियों का फोकस इस केस से जुड़े अन्य लोगों पर भी है. आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं. पुलिस लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
फैंस में बढ़ी चिंता
रोहित शेट्टी की सुरक्षा को लेकर फैंस काफी चिंतित हैं. डायरेक्टर अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्मों और एक्शन के लिए मशहूर हैं. उनकी ‘कॉप यूनिवर्स’ और ‘गोलमाल’ जैसी फिल्में सुपरहिट रही हैं. फिलहाल पुलिस सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और जांच तेज कर दी गई है.

