
संजय दत्त की नई फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का पोस्टर रिलीज, 15 मई को होगी थिएटर में एंट्री
संजय दत्त की नई फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज हो गया है.
इन दिनों बॉलीवुड में फिल्म धुरंधर 2 की जबरदस्त चर्चा हो रही है. इस फिल्म की सफलता के बीच अब अभिनेता संजय दत्त ने अपनी नई फिल्म का ऐलान कर दिया है. उन्होंने अपनी अपकमिंग फिल्म आखिरी सवाल का फर्स्ट लुक पोस्टर सोशल मीडिया पर शेयर किया है. पोस्टर के सामने आते ही फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. साथ ही फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ गई है. बताया गया है कि ये फिल्म 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
संजय दत्त ने शेयर किया फिल्म का पोस्टर
संजय दत्त ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए एक खास कैप्शन भी लिखा, उन्होंने लिखा कि ये वो सवाल है जिसे भारत ने कभी पूछना बंद नहीं किया. अब इस सवाल का जवाब जानने के लिए तैयार हो जाइए. उन्होंने आगे बताया कि फिल्म 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. पोस्टर सामने आने के बाद से ही फैंस लगातार इस फिल्म को लेकर चर्चा कर रहे हैं. अगर फिल्म के पोस्टर की बात करें तो ये काफी अलग और आकर्षक नजर आ रहा है. पोस्टर के बीच में एक बड़ा सा क्वेश्चन मार्क (?) बनाया गया है. इस क्वेश्चन मार्क के अंदर आग की लपटें दिखाई दे रही हैं. साथ ही कुछ न्यूजपेपर की कटिंग और लाल झंडे पकड़े लोग भी नजर आ रहे हैं.
पोस्टर को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म की कहानी सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों से जुड़ी हो सकती है. पोस्टर पर फिल्म की कास्ट और रिलीज डेट भी लिखी हुई है. फिल्म की स्टार कास्ट कि बात करें तो फिल्म आखिरी सवाल में संजय दत्त के अलावा कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. इस फिल्म में अमित साध, नमाशी चक्रवर्ती, समीरा रेड्डी, त्रिधा चौधरी और नीतू चंद्रा भी दिखाई देंगे. फिल्म का निर्देशन अभिजीत मोहन वारंग ने किया है. माना जा रहा है कि यह फिल्म एक गंभीर और विचार करने वाली कहानी लेकर आएगी.
फैंस ने दिए मजेदार रिएक्शन
फिल्म का पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के कई मजेदार रिएक्शन देखने को मिले. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि आप धीरे-धीरे अक्षय कुमार की तरह बनते जा रहे हैं, जो एक साल में कई फिल्में रिलीज करते हैं. वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि जिस फिल्म में बॉलीवुड के “किंग बाबा” यानी संजय दत्त हों, वह फिल्म जरूर हिट होगी. कई फैंस ने पोस्टर पर फायर इमोजी लगाकर भी अपनी उत्सुकता जाहिर की है. इससे साफ है कि दर्शक इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
क्या होगी फिल्म की कहानी?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म आखिरी सवाल की कहानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS के 100 साल के इतिहास से जुड़ी हो सकती है. बताया जा रहा है कि फिल्म में एक प्रोफेसर और एक रिसर्च स्कॉलर की कहानी दिखाई जाएगी. इनके जरिए कुछ ऐसे ऐतिहासिक और अनकहे घटनाक्रम सामने आएंगे, जिनके बारे में कम लोग जानते हैं. फिल्म में साल 1925 में केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा स्थापित संगठन के सफर और उसके विचारों को दिखाया जाएगा. हालांकि अभी फिल्म की पूरी कहानी के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है.
‘धुरंधर 2’ में भी छाए हुए हैं संजय दत्त
इन दिनों संजय दत्त फिल्म धुरंधर 2 को लेकर भी काफी चर्चा में हैं. इस फिल्म में उन्होंने एसपी असलम चौधरी का किरदार निभाया है. फिल्म में उनका रोल निगेटिव शेड वाला है, लेकिन दर्शकों को उनका अभिनय काफी पसंद आया है. कई लोगों का कहना है कि संजय दत्त ने इस किरदार को बेहद शानदार तरीके से निभाया है. संजय दत्त पिछले कई दशकों से बॉलीवुड में सक्रिय हैं और उन्होंने कई यादगार किरदार निभाए हैं. अब उनकी नई फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का पोस्टर सामने आने के बाद फैंस की उत्सुकता और भी बढ़ गई है. अगर पोस्टर और शुरुआती जानकारी की बात करें तो ये फिल्म एक अलग विषय पर आधारित लग रही है. ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि 15 मई को रिलीज होने के बाद यह फिल्म दर्शकों पर कितना असर डालती है.

