शादी के बाद साथ दिखेंगे विजय-रश्मिका, ‘रनाबाली’ से करेंगे धमाकेदार वापसी
x

शादी के बाद साथ दिखेंगे विजय-रश्मिका, ‘रनाबाली’ से करेंगे धमाकेदार वापसी

शादी के बाद विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना पहली बार फिल्म ‘रनाबाली’ में साथ नजर आएंगे.


साउथ सिनेमा के पावरफुल स्टार Vijay Deverakonda और नेशनल क्रश Rashmika Mandanna की शादी ने फैंस के बीच उत्साह का माहौल बना दिया है. 26 फरवरी को दोनों ने शादी कर अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की. उनकी वेडिंग फोटोज सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं और फैंस इस जोड़ी पर खूब प्यार बरसा रहे हैं. अब शादी के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि दोनों फिर कब और किस फिल्म में साथ नजर आएंगे. अब इस सवाल का जवाब सामने आ गया है. शादी के बाद ये कपल पहली बार फिल्म ‘रनाबाली’ में साथ दिखाई देगा. इस फिल्म का ऐलान पहले ही हो चुका है और इसे लेकर फैंस काफी एक्साइटेड हैं. क्योंकि ये सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि दोनों की शादी के बाद पहली ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री का मौका होगा.

शादी के बाद काम पर लौटेंगे दोनों

4 मार्च को हैदराबाद में ग्रैंड रिसेप्शन के बाद विजय और रश्मिका अपने-अपने प्रोजेक्ट्स में बिजी हो जाएंगे. दोनों लंबे समय से अपने करियर को लेकर काफी फोकस्ड हैं और शादी के बाद भी वो फिल्मों में लगातार काम करते रहेंगे. ऐसे में ‘रनाबाली’ उनके फैंस के लिए एक खास तोहफा बन गई है. 26 जनवरी को इस फिल्म का ऑफिशियल अनाउंसमेंट किया गया था. विजय ने अपने सोशल मीडिया पर फिल्म का फर्स्ट लुक शेयर किया था, जिसे देखकर फैंस का उत्साह और बढ़ गया. पोस्टर में विजय का दमदार लुक दिखा, जिससे साफ हो गया कि ये एक बड़े पैमाने की पीरियड फिल्म होगी.

कब रिलीज होगी ‘रनाबाली’?

फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इसका निर्देशन Rahul Sankrityan कर रहे हैं. ये फिल्म ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित है और इसमें बड़े स्तर का एक्शन और ड्रामा देखने को मिलेगा. फर्स्ट लुक शेयर करते हुए विजय ने लिखा था कि ब्रिटिश राज ने उसे “सेवेज” कहा था, लेकिन वो हमारे लोगों का हीरो था. इस लाइन ने फिल्म की कहानी को लेकर लोगों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है.

क्या है फिल्म की कहानी?

‘रनाबाली’ 19वीं सदी के उस दौर की कहानी है, जब अंग्रेजों ने भारत के कई हिस्सों में स्थानीय लोगों को विद्रोही और जंगली कहकर बदनाम किया था. फिल्म रायलसीमा के इतिहास से जुड़े उन अनकहे सच को दिखाएगी, जिन्हें समय के साथ दबा दिया गया. बताया जा रहा है कि फिल्म में ब्रिटिश राज के दौरान हुए नरसंहार और अत्याचारों को दिखाया जाएगा. फर्स्ट लुक के अनुसार कहानी काफी इमोशनल और दिल दहला देने वाली होगी. इसे बड़े स्तर पर बनाया जा रहा है, ताकि दर्शकों को इतिहास का वो सच दिखाया जा सके, जो आम लोगों को पता नहीं है. इस फिल्म में विजय एक स्वतंत्रता सेनानी रनाबाली का किरदार निभाएंगे, जबकि रश्मिका जयम्मा के रोल में नजर आएंगी. दोनों के किरदार कहानी की आत्मा होंगे और इनके बीच का भावनात्मक रिश्ता फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बनेगा.

विलेन भी होगा दमदार

फिल्म में खतरनाक विलेन का रोल हॉलीवुड एक्टर Arnold Vosloo निभाएंगे. उनके किरदार को बेहद क्रूर और ताकतवर बताया जा रहा है. इससे फिल्म में संघर्ष और ड्रामा का स्तर और भी बढ़ जाएगा.

लव स्टोरी से शुरू हुआ सफर

विजय और रश्मिका की लव स्टोरी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. दोनों पहली बार Geetha Govindam में साथ नजर आए थे. इस फिल्म के दौरान ही दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. फिल्म सुपरहिट रही और दर्शकों को इनकी केमिस्ट्री बेहद पसंद आई. इसके बाद दोनों Dear Comrade में भी साथ दिखे. इस फिल्म में उनकी इमोशनल केमिस्ट्री ने लोगों का दिल जीत लिया. तभी से फैंस दोनों को फिर से साथ देखने की मांग कर रहे थे. करीब 8 साल तक डेटिंग के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया. उन्होंने अपने रिश्ते को हमेशा प्राइवेट रखा, लेकिन शादी के बाद उन्होंने खुलकर अपने प्यार का इजहार किया. अब शादी के बाद पहली फिल्म के रूप में ‘रनाबाली’ फैंस के लिए बेहद खास है. ये फिल्म सिर्फ इतिहास और एक्शन नहीं बल्कि विजय और रश्मिका की रियल लाइफ बॉन्डिंग को भी पर्दे पर दिखाएगी.

फैंस को बड़ी उम्मीदें

फैंस को उम्मीद है कि ‘रनाबाली’ में दोनों की केमिस्ट्री फिर से जादू चलाएगी. ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ की तरह यह फिल्म भी सुपरहिट साबित हो सकती है. कुल मिलाकर शादी के बाद विजय और रश्मिका की ये पहली फिल्म एक बड़ा सिनेमाई अनुभव देने वाली है. अब देखना होगा कि ये जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर भी अपने प्यार का जादू चला पाती है या नहीं. फैंस बेसब्री से 11 सितंबर का इंतजार कर रहे हैं.

Read More
Next Story