‘धुरंधर 2’ में दिखेंगे अक्षय खन्ना? रहमान डकैत की कहानी का बड़ा राज खुला
x

‘धुरंधर 2’ में दिखेंगे अक्षय खन्ना? रहमान डकैत की कहानी का बड़ा राज खुला

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ रिलीज से पहले अक्षय खन्ना के किरदार रहमान डकैत को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है.


बॉलीवुड में इन दिनों रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर जबरदस्त चर्चा हो रही है. फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और उससे पहले ही दर्शकों में इसका काफी क्रेज देखने को मिल रहा है. हाल ही में फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज किया गया था, जिसने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है. लेकिन ट्रेलर आने के बाद एक सवाल सबसे ज्यादा चर्चा में है. सवाल यह है कि क्या ‘धुरंधर 2’ में अक्षय खन्ना दिखाई देंगे या नहीं? दरअसल फिल्म के पहले पार्ट में अक्षय खन्ना ने रहमान डकैत का किरदार निभाया था, जो फिल्म का मुख्य विलेन था. उनके इस रोल को दर्शकों ने काफी पसंद किया था. कई लोगों का मानना था कि अक्षय खन्ना ने अपने दमदार अभिनय से फिल्म में अलग ही जान डाल दी थी.

पहले पार्ट में खत्म हो गया था रहमान डकैत

आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ का पहला पार्ट दिसंबर 2025 में रिलीज हुआ था. इस फिल्म में रणवीर सिंह लीड रोल में थे, लेकिन अक्षय खन्ना का निगेटिव किरदार भी खूब चर्चा में रहा. फिल्म की कहानी पाकिस्तान के कराची इलाके ल्यारी गैंग के इर्द-गिर्द घूमती है. अक्षय खन्ना ने इस गैंग के सरगना रहमान डकैत का किरदार निभाया था. हालांकि फिल्म के क्लाइमैक्स में रहमान डकैत की मौत हो जाती है. यही वजह है कि दूसरे पार्ट को लेकर लोगों के मन में सवाल उठने लगे कि जब उसका किरदार खत्म हो चुका है, तो क्या वह ‘धुरंधर 2’ में दिखाई देगा?

ट्रेलर में मिली अक्षय खन्ना की झलक

जब ‘धुरंधर 2’ का ट्रेलर रिलीज हुआ तो कई दर्शकों ने उसमें अक्षय खन्ना को ढूंढने की कोशिश की. पहली नजर में ट्रेलर में उनका किरदार दिखाई नहीं देता. लेकिन अगर ट्रेलर को ध्यान से देखा जाए तो एक बहुत छोटी सी झलक में अक्षय खन्ना दिखाई देते हैं. ये सीन इतना छोटा है कि सामान्य तरीके से देखने पर शायद ही किसी को नजर आए. बताया जा रहा है कि ये सीन एक सेकेंड से भी कम समय का है. इसलिए कई लोगों ने इसे देखने के लिए ट्रेलर को स्लो मोशन में भी देखा.

क्या ‘धुरंधर 2’ में होंगे अक्षय खन्ना?

फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अक्षय खन्ना इस फिल्म का हिस्सा हैं या नहीं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्षय खन्ना ‘धुरंधर 2’ में जरूर दिखाई देंगे, लेकिन उनका रोल पहले पार्ट जितना बड़ा नहीं होगा. दरअसल फिल्म में कुछ फ्लैशबैक सीन दिखाए जाएंगे, जिनमें रहमान डकैत के किरदार की झलक देखने को मिल सकती है. इन सीन के जरिए पहले पार्ट की कहानी को आगे बढ़ाने की कोशिश की जाएगी. इसका मतलब ये है कि अक्षय खन्ना फिल्म में मौजूद रहेंगे, लेकिन इस बार वह मुख्य विलेन नहीं होंगे.

अर्जुन रामपाल होंगे नए विलेन

‘धुरंधर 2’ में इस बार अर्जुन रामपाल मुख्य विलेन के तौर पर नजर आएंगे. ट्रेलर में भी उनके किरदार को काफी खतरनाक और ताकतवर दिखाया गया है. कहा जा रहा है कि अर्जुन रामपाल का किरदार फिल्म में रणवीर सिंह के सामने बड़ी चुनौती खड़ी करेगा. फिल्म में संजय दत्त भी एक अहम भूमिका निभा रहे हैं. ऐसे में फिल्म की स्टारकास्ट काफी मजबूत नजर आ रही है.

वहीं से शुरू होगी कहानी

‘धुरंधर 2’ की कहानी वहीं से शुरू होगी जहां पहले पार्ट का अंत हुआ था. रहमान डकैत की मौत के बाद अब ल्यारी पर कब्जे की लड़ाई शुरू होगी. इस बार रणवीर सिंह का किरदार हमजा उर्फ जसकीरत सिंह रांगी ज्यादा ताकतवर रूप में दिखाई देगा. ट्रेलर में भी ये दिखाया गया है कि अब वह ल्यारी पर राज करने की तैयारी में है.

रिलीज से पहले ही तगड़ा क्रेज

फिल्म की रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. मेकर्स ने बताया है कि फिल्म का पेड प्रीव्यू 18 मार्च को रखा गया है, जबकि आधिकारिक रिलीज 19 मार्च को होगी. पेड प्रीव्यू के लिए एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक 2 लाख से ज्यादा टिकटों की बुकिंग हो चुकी है. ये आंकड़ा बताता है कि दर्शकों को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है.

क्या दोहराएगी पहले पार्ट की सफलता?

‘धुरंधर’ के पहले पार्ट को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. खासतौर पर रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की एक्टिंग को दर्शकों ने खूब सराहा था. अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘धुरंधर 2’ भी बॉक्स ऑफिस पर वही कमाल दिखा पाती है या नहीं. फिलहाल इतना तय है कि फिल्म के ट्रेलर और स्टारकास्ट ने दर्शकों की उत्सुकता काफी बढ़ा दी है. अब 19 मार्च को पता चलेगा कि ये फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है.

Read More
Next Story