विधानसभा चुनावों की छाया में बजट 2026, पांच राज्यों पर खास नजर
x

विधानसभा चुनावों की छाया में बजट 2026, पांच राज्यों पर खास नजर

बजट 2026 में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल समेत चुनावी राज्यों पर खास ध्यान दिया गया है। बुनियादी ढांचे और उद्योग से जुड़ी घोषणाएं की गई हैं।


वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का नौवां बजट केवल आर्थिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि राजनीतिक रूप से भी बेहद अहम माना जा रहा है। खासतौर पर उन पांच राज्यों—पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी—में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए बजट 2026 का महत्व और बढ़ जाता है। ये सभी राज्य केंद्र की सत्ताधारी बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हैं।

फिलहाल असम और पुडुचेरी में एनडीए सत्ता में है, जबकि पश्चिम बंगाल में सत्ता हासिल करना बीजेपी के लिए एक बड़ा चुनावी लक्ष्य बना हुआ है। वहीं तमिलनाडु और केरल को लेकर भी पार्टी की राजनीतिक उम्मीदें बढ़ी हैं। ऐसे में बजट 2026 में इन चुनावी राज्यों पर खास फोकस साफ दिखाई देता है।

पश्चिम बंगाल को बजट से चुनावी बढ़त

बजट 2026 में पश्चिम बंगाल को कई अहम परियोजनाओं की सौगात दी गई है। वित्त मंत्री ने पूर्व में दानकुनी (पश्चिम बंगाल) से लेकर पश्चिम में सूरत तक एक नए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की घोषणा की है। इसके अलावा देश के सात शहरों को जोड़ने वाले हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का भी ऐलान किया गया है, जिनमें बंगाल का सिलीगुड़ी शामिल है।

इन सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में वाराणसी–सिलीगुड़ी, मुंबई–पुणे, चेन्नई–बेंगलुरु, हैदराबाद–बेंगलुरु, पुणे–हैदराबाद और दिल्ली–वाराणसी शामिल हैं। चेन्नई तमिलनाडु की राजधानी है, जहां भी विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। साथ ही, अगले पांच वर्षों में 20 नए नेशनल वाटरवेज शुरू करने की घोषणा की गई है, जिससे कार्गो परिवहन आसान और पर्यावरण के लिहाज से अधिक टिकाऊ होगा। इसका लाभ पश्चिम बंगाल को भी मिलने की उम्मीद है।

केरल और तमिलनाडु को मिला रेयर अर्थ कॉरिडोर

यूनियन बजट 2026 में वित्त मंत्री ने चार राज्यों में डेडिकेटेड रेयर अर्थ कॉरिडोर स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। इनमें ओडिशा और आंध्र प्रदेश के साथ-साथ चुनावी राज्य केरल और तमिलनाडु भी शामिल हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग स्कीम के तहत आउटले को 22,999 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 40,000 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव किया गया है। इस योजना में आईएसएम 2.0, रेयर अर्थ कॉरिडोर और डेडिकेटेड केमिकल पार्क के निर्माण को भी शामिल किया गया है।

कांजीवरम साड़ी से तमिलनाडु को संदेश

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण हर साल बजट के दिन अपनी साड़ी के जरिए एक सांस्कृतिक और प्रतीकात्मक संदेश देती रही हैं। इस बार उन्होंने कांजीवरम सिल्क साड़ी पहनकर अपने गृह राज्य तमिलनाडु की प्राचीन बुनाई परंपरा को सम्मान दिया। उन्होंने हाथ से बुनी हुई बैंगनी रंग की कट्टम कांजीवरम साड़ी पहनी, जिस पर हल्के सुनहरे-भूरे रंग के चेक और कॉफी ब्राउन बॉर्डर पर धागे का सुंदर काम किया गया था।

Read More
Next Story