
केस से बरी होने के बाद केजरीवाल के तेवर तीखे, बोले- 'साजिश के लिए मोदी-शाह माफी मांगें'
अरविंद केजरीवाल ने कहा-पूरा षड्यंत्र दो लोगों ने मिलकर रचा। नरेंद्र मोदी जी और अमित शाह जी। और आज उन दोनों को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। उन दोनों ने मिलके षड्यंत्र रचा कि आम आदमी पार्टी को खत्म किया जाए।
बहुचर्चित शराब घोटाले के केस में दिल्ली की निचली अदालत से आरोपमुक्त होते ही अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी, अमित शाह और बीजेपी पर हमलों की झड़ी लगा दी। उन्होंने मोदी और शाह पर साजिश रचने और आम आदमी पार्टी को खत्म करने की मंशा रखने का आरोप लगाया।
बरी होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा, "यह पूरा षड्यंत्र किसने रचा? क्यों रचा? यह पूरा षड्यंत्र दो लोगों ने मिलकर रचा। नरेंद्र मोदी जी और अमित शाह जी। और आज उन दोनों को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। उन दोनों ने मिलके षड्यंत्र रचा कि आम आदमी पार्टी को खत्म किया जाए। आम आदमी पार्टी को बर्बाद किया जाए और उस षड्यंत्र के तहत आजाद भारत का सबसे बड़ा और सबसे घिनौना षड्यंत्र रचा उन लोगों ने। वो देख रहे थे कि दिल्ली में वो हमें नहीं हरा सकते। वह देख रहे थे कि दिल्ली की जनता हमारे कामों से बहुत खुश है। वह देख रहे थे दिल्ली में कामों की राजनीति के आधार पर वह कहीं खड़े नहीं होते। तो उन्होंने एक षड्यंत्र रचा।"
"बिना सबूत के फंसाया"
केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने अपनी एजेंसियों का दुरुपयोग किया। केजरीवाल ने कहा, "आप जान रहे हैं कि किस तरह से पिछले 4 साल से ईडी को, सीबीआई को, सारी संस्थाओं को इस्तेमाल करके हमारे ऊपर एक शराब घोटाला नाम का एक आरोप लगाया गया। सीबीआई ने, ईडी ने उसमें चार्जशीट फाइल की। आज कोर्ट को प्राइमाफेसी से यह निर्णय लेना था कि क्या सबूत और गवाहों के बयानों के आधार पे सफिशिएंट मटेरियल है कि इसमें मुकदमा चलाया जाए। अभी मुकदमा चला नहीं था। कोर्ट को यह निर्णय लिया लेना था कि क्या मुकदमा चलाने लायक सफिशिएंट मटेरियल है? और कोर्ट ने लगभग 600 पेज के आदेश में सारे सबूतों और सारे गवाहों को मद्देनजर रखते हुए यह कहा है कि इतना भी सबूत नहीं है। इतने भी गवाहों के बयान नहीं है। एक निक्का सा भी सबूत नहीं है कि इसमें मुकदमा तक चलाया जा सके।"
कोर्ट का साहसिक फैसला
केजरीवाल ने दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले को साहसिक फैसला बताया। बोले, "न्यायालय ने एक बहुत ऐतिहासिक फैसला दिया है। जज साहब का बहुत-बहुत धन्यवाद करना चाहता हूं। आज के इस माहौल में जब सारी संस्थाओं को सारे अथॉरिटीज को डराया जा रहा है, धमकाया जा रहा है। ऐसे में इतना बड़ा न्याय करने के लिए जज साहब ने वाकई बहुत हिम्मत दिखाई है।"
'कट्टर ईमानदार' कोर्ट में साबित
खुद को कट्टर ईमानदार बताते हुए केजरीवाल ने कहा, "मैंने जिंदगी में केवल इज्जत कमाई है। एक नया पैसा नहीं कमाया मैंने अपनी जिंदगी में। इन लोगों की तरह नहीं हूं मैं। मैंने जिंदगी में एक नया पैसा नहीं कमाया। केवल ईमानदारी कमाई है और यह उस ईमानदारी के ऊपर चोट करना चाहते थे। उसके लिए इन्होंने षड्यंत्र रचा था। आज कोर्ट के आर्डर कोर्ट के आर्डर के बाद यह साबित हो गया देश के सामने केजरीवाल कट्टर ईमानदार है। मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार है। संजय सिंह कट्टर ईमानदार है। दुर्गेश कट्टर ईमानदार है। आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार है। ये हम नहीं कह रहे। ये कोर्ट ने सारे देश के सामने बोला है।"
मोदी को चुनौती
केजरीवाल ने पीएम मोदी को चुनौती दी। कहा, "मैं मोदी जी को कहना चाहता हूं मोदी जी आपने हमारे ऊपर इतने केस कर लिए। आपने ईडी छोड़ दी। आपने सीबीआई छोड़ दी। आपने पुलिस छोड़ दी। आपने इनकम टैक्स छोड़ दिया हमारे पीछे। आपने जेल भेज दिया हमारे पांच सबसे बड़े नेताओं को। आम आदमी एक समय ऐसा था जब आम आदमी पार्टी के सबसे टॉप के पांच नेता जेल में थे। एक साथ उसके बाद भी केजरीवाल का कुछ नहीं बिगाड़ सके। अब अगर अब तो एक ही तरीका बचा है मोदी जी केजरीवाल से निपटने का। केजरीवाल का कत्ल करवाना पड़ेगा। केजरीवाल की हत्या करवानी पड़ेगी। उसके अलावा अब केजरीवाल आपसे संभलने वाला नहीं है। अब आपके बस का नहीं है।"
कांग्रेस पर पलटवार
खुद के बरी होने के बाद कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर केजरीवाल ने पलटवार किया। कहा, "बीच में कांग्रेस कह रही है कि बीजेपी ने जो है कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने के लिए आपको राहत दिलवा दी है। मैं आपसे पूछना चाहता हूं। केजरीवाल जेल गया। रॉबर्ट वाड्रा जेल गया। संजय सिंह जेल गया। क्या राहुल गांधी जेल गया? मनीष सिसोदिया जेल गया। सोनिया गांधी जी जेल गई? किस मुंह से बात करते हैं? शर्म नहीं आती कांग्रेसियों को।"

