
विमान हादसे के बाद पार्टी करने पर टाटा समूह से जुड़ी कंपनी ने चार कर्मचारियों को किया बर्खास्त
अहमदाबाद विमान हादसे के कुछ दिनों के बाद ही इन अधिकारियों पर ऑफिस में पार्टी आयोजित करने का आरोप था। जिसके बाद टाटा समूह की एअर इंडिया और सिंगापुर की SATS Ltd के बीच एक संयुक्त उपक्रम है, उसने चार वरिष्ठ अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है।
हाल ही में एक वीडियो क्लिप वायरल हुई थी, जिसमें AISATS (एअर इंडिया सैट्स सर्विसेज) के कई कर्मचारी ऑफिस में नाचते-गाते नजर आए। यह वीडियो उस समय सामने आया जब कुछ ही दिन पहले अहमदाबाद में एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 का भीषण हादसा हुआ था, जिसमें 270 लोगों की मौत हुई थी।
इस घटना के बाद AISATS, जो कि टाटा समूह की एअर इंडिया और सिंगापुर की SATS Ltd के बीच एक संयुक्त उपक्रम है, उसने चार वरिष्ठ अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है। इन अधिकारियों पर ऑफिस में पार्टी आयोजित करने का आरोप था।
कंपनी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, "AISATS में हम AI-171 में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के साथ एकजुटता से खड़े हैं और हालिया वीडियो में दिखे गलत फैसले पर गहरा खेद प्रकट करते हैं। यह व्यवहार हमारे मूल्यों के अनुरूप नहीं है। हमने जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है और सहानुभूति, पेशेवर आचरण व जवाबदेही के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं।"
कंपनी ने यह नहीं बताया कि यह पार्टी कब हुई थी। हालांकि, सूत्रों के अनुसार चार वरिष्ठ अधिकारियों को उनकी प्रत्यक्ष भूमिका के चलते हटाया गया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कंपनी की तीखी आलोचना हुई थी।
गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद में एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो कि लंदन गैटविक जा रही थी, उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक मेडिकल हॉस्टल परिसर से टकरा गई थी। हादसे में 270 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 241 यात्री विमान में सवार थे। केवल एक यात्री ही बच पाया।