
केरल में बोले मोदी, ‘खाड़ी में फंसे भारतीयों को हर मदद मिलेगी’, कांग्रेस को कोसा
पीएम मोदी का यह बयान ऐसे समय में आता है जब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो रही है और वहां काम कर रहे हजारों भारतीयों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच खाड़ी क्षेत्र में फंसे भारतीय नागरिकों को केंद्र सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और पश्चिम एशिया में रह रहे भारतीयों की मदद के लिए जरूरी कदम उठा रही है।
केरल के कोच्चि में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि संकट के समय भारत अपने नागरिकों को विदेशों में असहाय नहीं छोड़ता।
उन्होंने कहा,“आज का भारत अपने नागरिकों को कहीं भी फंसा हुआ नहीं छोड़ता। हम यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि पश्चिम एशिया में रह रहे भारतीयों को हर संभव मदद दी जाए।”
उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो रही है और वहां काम कर रहे हजारों भारतीयों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
आत्मनिर्भरता पर दिया जोर
प्रधानमंत्री ने इस मौके का उपयोग आत्मनिर्भरता पर जोर देने के लिए भी किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा संकट यह दिखाता है कि भारत के लिए ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता कितनी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “मध्य पूर्व का संकट और उससे पैदा हुई ऊर्जा की कमी यह दिखाती है कि किसी भी देश के लिए आत्मनिर्भर बनना कितना जरूरी है।”
कांग्रेस पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय संकट के समय विपक्ष गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहा है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस युद्ध के समय भड़काने का काम कर रही है और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार कर रही है।”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर कटाक्ष करते हुए मोदी ने कहा कि विपक्ष भारत के युवाओं की उभरती तकनीकों में हो रही प्रगति से अनजान है।
उन्होंने कहा,“केरल के लोगों ने देखा है कि कांग्रेस के शहजादे को ड्रोन निर्माण में भारत के युवाओं की उपलब्धियों की जानकारी ही नहीं है। उन्हें यह भी पता नहीं है कि भारत में कई कंपनियां ड्रोन बना रही हैं। उन्हें यह भी नहीं मालूम कि केरल के युवाओं ने ड्रोन विकसित करने के लिए स्टार्टअप शुरू किए हैं। जो व्यक्ति अपनी सीमित सोच में बंद रहता है, वह देश की प्रगति को कभी नहीं देख सकता।”
केरल की राजनीति पर भी टिप्पणी
प्रधानमंत्री ने केरल में बारी-बारी से सत्ता में आने वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की राजनीति की भी आलोचना की।
उन्होंने कहा कि इस राजनीतिक चक्र ने राज्य के विकास की गति को धीमा कर दिया है। मोदी ने कहा, “केरल में अपार संभावनाएं होने के बावजूद राज्य उतनी तेजी से विकसित नहीं हो पाया जितना होना चाहिए था। एक बार LDF सरकार और फिर UDF सरकार का यह क्रम केरल को काफी नुकसान पहुंचा रहा है। इन दोनों समूहों को लगता है कि पांच-दस साल में उनकी बारी आ जाएगी, इसलिए वे केरल के विकास के लिए उतनी मेहनत नहीं करते। यही पैटर्न केरल में भ्रष्टाचार का कारण है।"

