
20 जनवरी को मिलेगा बीजेपी को पूर्णकालिक अध्यक्ष, नितिन नबीन का चुना जाना तय
नितिन नबीन 19 जनवरी को नामांकन भरेंगे। अगर जरूरत पड़ी तो 20 जनवरी को वोटिंग होगी और उसी दिन नए चुने गए राष्ट्रीय अध्यक्ष की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
भाजपा को 20 जनवरी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलना तय हो गया है। पार्टी ने इसके लिए शुक्रवार को नोटिफिकेशन जारी कर दी है जिसके मुताबिक 19 जनवरी को नामांकन भरा जाएगा। 20 जनवरी को नए पार्टी अध्यक्ष का ऐलान होगा। अभी नितिन नबीन पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हैं और इसी के आसार हैं कि पार्टी उन्हें ही निर्विरोध अध्यक्ष चुन सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नितिन नबीन 19 जनवरी को नामांकन भरेंगे। पार्टी प्रमुख के चुनाव के लिए नॉमिनेशन 19 जनवरी को दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच भरे जाने हैं और उम्मीदवार उसी दिन शाम 5 बजे से 6 बजे के बीच अपना नॉमिनेशन वापस ले सकते हैं। अगर जरूरत पड़ी तो 20 जनवरी को वोटिंग होगी और उसी दिन नए चुने गए राष्ट्रीय अध्यक्ष की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में ही होगी।
मौजूदा कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन की फिलहाल इकलौते दावेदार लग रहे हैं। उन्हें 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष घोषित किया गया था। भाजपा ने साल 2020 में जेपी नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था। 2024 में उनका कार्यकाल खत्म हुआ था। तब से वे एक्सटेंशन पर थे। नड्डा अभी केंद्र में स्वास्थ्य मंत्रालय संभाल रहे हैं।
अगर नितिन ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बने, और जैसा कि तय भी लग रहा है, तो सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। उनकी उम्र 45 साल है। नितिन को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से वो भाजपा की नई टीम में 80% युवाओं को लाने का रास्ता साफ करेंगे। हालांकि, नई टीम बनने में लगभग 6 महीने लगेंगे। लेकिन इतना साफ है कि टीम में महामंत्री और मंत्री जैसे प्रमुख पदों पर ज्यादातर 50 से कम उम्र के होंगे।
अगले साल 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव हैं। नितिन टीम इसी के अनुरूप बनाएंगे। मीडिया रिपोर्ट में एक वरिष्ठ नेता के हवाले से कहा गया है कि अमूमन राष्ट्रीय अध्यक्ष जूनियर या समकक्षों को ही महासचिव, सचिव जैसे पदों पर रखते हैं।

