बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए सिर्फ एक नामांकन, नितिन नबीन निर्विरोध चुने गए, 20 जनवरी को एलान
x
भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और पार्टी संसदीय दल के नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन के नाम का प्रस्ताव दिया। फोटो : @BJP4India

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए सिर्फ एक नामांकन, नितिन नबीन निर्विरोध चुने गए, 20 जनवरी को एलान

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं। कल उनके नाम की औपचारिक घोषणा होगी। नितिन नवीन के लिए 37 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे।


भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई है। नितिन नवीन निर्विरोध रूप से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं। पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि संगठन पर्व के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन की संवैधानिक और पारदर्शी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई।

भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने बताया कि 36 में से 30 राज्यों में संगठनात्मक चुनाव पूरे होने के बाद तय प्रक्रिया के अनुसार नामांकन, जांच और नामांकन वापसी की प्रक्रिया संपन्न हुई। जांच के बाद सभी नामांकन वैध पाए गए। नामांकन वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद केवल नितिन नवीन का ही नाम शेष रहा, जिसके चलते उन्हें निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया।

नितिन नवीन के नामांकन का समर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने किया। नामांकन के दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव और किरेन रिजिजू भी मौजूद रहे।

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने भी नवीन के समर्थन में नामांकन पत्र दाखिल किए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पुष्कर सिंह धामी, नायब सिंह सैनी और प्रमोद सावंत भी इस दौरान उपस्थित रहे। बिहार, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, असम, झारखंड सहित कई राज्यों के नेताओं ने नवीन के पक्ष में समर्थन दिया।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक 45 वर्षीय नितिन नवीन को प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पूरा भरोसा हासिल है। बिहार से पांच बार विधायक रह चुके नवीन को दिसंबर 2025 में भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। अब वे पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुने गए हैं।

Read More
Next Story